मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने कोलकाता स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की भारी कमी को दूर करने के लिए सर्कुलर रेलवे की उपनगरीय सेवाओं में बदलाव करने का फैसला किया है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य लंबी दूरी की मेल, एक्सप्रेस और ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) सेवाओं के संचालन को अधिक सुगम बनाना है। सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने बताया कि वर्तमान में कोलकाता स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर -1 ही ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां से सीधे कॉनकोर्स तक पहुंच उपलब्ध है। लेकिन यह प्लेटफॉर्म प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से रात 9:00 बजे तक पूरी तरह उपनगरीय ट्रेनों के संचालन में व्यस्त रहता है। वहीं, अन्य प्लेटफॉर्म पहले से ही लगभग अपनी अधिकतम क्षमता पर संचालित हो रहे हैं, जिसके कारण लंबी दूरी की ट्रेनों को अक्सर प्लेटफॉर्म उपलब्ध होने का इंतजार करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए सर्कुलर रेलवे की सेवाओं में सुबह 11:15 बजे से शाम 5:15 बजे तक बदलाव किया जाएगा। इस छह घंटे की अवधि में कोई भी उपनगरीय ट्रेन कोलकाता स्टेशन से होकर नहीं गुजरेगी। इससे इस दौरान स्टेशन पर लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म उपलब्ध रहेंगे और उनके परिचालन में होने वाली देरी कम होगी। नई व्यवस्था के तहत इस समयावधि में चलने वाली सर्कुलर रेलवे की ट्रेनें टाला स्टेशन से ही प्रारंभ और समाप्त होंगी। टाला स्टेशन, कोलकाता स्टेशन से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे यात्रियों को अधिक असुविधा नहीं होगी। डीआरएम ने बताया कि इस बदलाव से आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और आसपास के बाजार क्षेत्र के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा, क्योंकि टाला स्टेशन उनके लिए अधिक सुविधाजनक साबित होगा।