सीबीआई की प्रतिक फोटो (साभार)  
Home slider

हावड़ा स्टेशन में सीबीआई ने दक्षिण-पूर्व रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर को किया गिरफ्तार

मौके से पूरी रिश्वत की राशि बरामद कर जब्त कर ली गई

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: सीबीआई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में तैनात डिप्टी चीफ सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियर सत्यम कुमार को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में कोलकाता स्थित एम/एस एमआरटी सिग्नल्स लिमिटेड के दो प्रतिनिधियों सुब्रत चक्रवर्ती और राजू पंडित को भी गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गत 24 जुलाई 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में आरोप लगाया गया है कि सत्यम कुमार ने निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन कार्यों से संबंधित प्राइस वैरिएशन क्लॉज (पीवीसी) और अन्य संविदात्मक फाइलों के प्रसंस्करण एवं अनुमोदन में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी मई 2026 में भी इसी कंपनी से 5 लाख रुपये की अवैध राशि प्राप्त कर चुका था। इसके बाद उसने कथित रूप से शेष रकम की मांग की और आगे भी आधिकारिक स्तर पर लाभ पहुंचाने के बदले भुगतान लेने पर सहमति जताई थी। सीबीआई ने शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाया और शनिवार को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए सत्यम कुमार को निजी कंपनी के प्रतिनिधियों से 4 लाख रुपये लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से पूरी रिश्वत की राशि बरामद कर जब्त कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में आरोपितों के आवासों एवं कार्यालयों सहित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान सीबीआई ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम अंकित आंचल और अमित टिबरेवाल है। सीबीआई ने रविवार को दोनों अभियुक्तों को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया। अदालत ने दोनों को 30 जुलाई तक सीबीआई हिरासत में भेज दिया। सीबीआई ने अभियुक्तों के पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।


SCROLL FOR NEXT