Home slider

आरपीएफ हावड़ा मंडल के बेड़े में शामिल हुईं बुलेट और 32-सीटर बस

सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे सुरक्षा बल हावड़ा मंडल के बेड़े में 10 नई रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलें और एक 32-सीटर बस शामिल की गई हैं। इन वाहनों को पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद के. देऊस्कर तथा प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिया नंदन सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हावड़ा मंडल में पहली बार मोटरसाइकिलों को आरपीएफ के परिचालन बेड़े में शामिल किया गया है। बेहतर स्थिरता, मजबूत ब्रेकिंग सिस्टम और कठिन रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन की क्षमता के कारण ये मोटरसाइकिलें दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में गश्त के लिए अधिक उपयोगी साबित होंगी। इससे आरपीएफ जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और परिचालन दक्षता में भी वृद्धि होगी। इसके साथ ही आरपीएफ को एक 32-सीटर बस भी उपलब्ध कराई गई है। कॉम्पैक्ट आकार की यह बस संकरी सड़कों पर भी आसानी से चल सकेगी। इसका उपयोग विभिन्न सुरक्षा ड्यूटी, विशेष बंदोबस्त और अन्य परिचालन कार्यों के लिए तैनात आरपीएफ कर्मियों के आवागमन में किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बड़े पैमाने पर रेलवे अपराधों के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियानों के दौरान गिरफ्तार आरोपियों को अदालत तक ले जाने में भी इस बस का उपयोग किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT