मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल हावड़ा स्टेशन के बाहर शनिवार देर रात रेलवे प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथ पर बनी 150 से अधिक कथित अवैध दुकानों को बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन परिसर के बाहर लंबे समय से अवैध रूप से दुकानें लगाई जा रही थीं, जिसके कारण यात्रियों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खासकर व्यस्त समय में फुटपाथ और सड़कें संकरी हो जाने से स्टेशन तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था। यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। शनिवार रात स्टेशन के बाहर भीड़ कम होते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अभियान में आरपीएफ और रेल पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे। इसके बाद बुलडोजर की मदद से एक-एक कर दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर हॉकर्स और पुलिस के बीच बहस भी हुई। पुलिस की ओर से सभी दुकानदारों को फुटपाथ खाली करने का निर्देश दिया गया। फुटपाथ व्यवसायियों का आरोप है कि रेलवे की ओर से उन्हें शनिवार को ही जगह खाली करने का नोटिस दिया गया था और पर्याप्त समय दिए बिना रात में ही तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। कई दुकानदारों ने दावा किया कि उन्हें सामान हटाने तक का पूरा मौका नहीं मिला। हालांकि यात्रियों के एक बड़े वर्ग ने रेलवे की इस कार्रवाई का समर्थन किया है। उनका कहना है कि स्टेशन परिसर में हॉकर्स की भीड़ के कारण हमेशा अव्यवस्था बनी रहती थी। दुकानों के हटने से अब स्टेशन के बाहर का इलाका अधिक खुला और व्यवस्थित दिखाई देगा तथा यात्रियों की आवाजाही भी आसान होगी। उल्लेखनीय है कि हावड़ा स्टेशन परिसर में हॉकर्स के खिलाफ इस तरह का अभियान पहली बार नहीं चलाया गया है। इससे पहले भी रेलवे प्रशासन कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर चुका है।