मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद रेलवे स्टेशनों को अतिक्रमणमुक्त करने की मुहिम लगातार जारी है। इसी कड़ी में दक्षिण 24 परगना के संतोषपुर रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार की रात बड़े पैमाने पर हॉकर्स हटाओ अभियान चलाया गया। रेलवे प्रशासन ने जीआरपी और पुलिस बल की मौजूदगी में स्टेशन के आसपास बने कथित अवैध ढांचों और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन से सटी रेलवे भूमि पर लंबे समय से अवैध रूप से कई दुकानें और अस्थायी ढांचे खड़े कर लिए गए थे। इन्हें हटाने के लिए सोमवार रात करीब 10 बजे अभियान शुरू किया गया, जो देर रात तक जारी रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रेलवे पुलिस, राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी। अभियान के दौरान सबसे पहले दुकानों की बिजली आपूर्ति बंद की गई। इसके बाद बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से एक-एक कर सभी अवैध निर्माणों को तोड़ा गया। स्टेशन परिसर के बाहर ही नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म पर बने कथित अवैध ढांचों और दुकानों को भी हटाया गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्टेशन क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कर यात्रियों के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में राज्य के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे।