Home slider

हावड़ा नगर निगम में जल्द चुनाव की मांग, भाजपा नेताओं ने आयुक्त से की मुलाकात

सरकार का गठन होते ही निगम में जल्द चुनाव कराने का देंगे प्रस्ताव : भाजपा अध्यक्ष

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा नगर निगम में लंबे समय से चुनाव नहीं होने को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के हावड़ा जिला सदर नेतृत्व ने नगर निगम में जल्द चुनाव कराने की मांग उठाई है। भाजपा के जिला सदर अध्यक्ष गौरांग भट्टाचार्य ने हावड़ा नगर निगम पहुंचकर नगर आयुक्त एवं प्रशासक से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2018 में हावड़ा नगर निगम के तृणमूल बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो गया था। इसके बाद से अब तक निगम में कोई चुनाव नहीं हुआ है और प्रशासक के माध्यम से निगम का संचालन किया जा रहा है। भाजपा का आरोप है कि चुनाव नहीं होने के कारण नागरिक सेवाएं बदहाल हो गई हैं और लोगों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर जल्द चुनाव कराने की मांग रखने के साथ-साथ आगामी मानसून में जलजमाव की समस्या रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान हावड़ा के कई इलाके जलमग्न हो जाते हैं और इस बार भी ऐसी आशंका बनी हुई है। इस संबंध में गौरांग भट्टाचार्य ने कहा, हमारी सरकार का गठन होते ही हम पार्टी की ओर से सरकार को प्रस्ताव दे रहे हैं कि हावड़ा नगर निगम में जल्द चुनाव कराया जाए। साथ ही हम चाहते हैं कि इस वर्ष बारिश में हावड़ा को जलजमाव की समस्या से राहत मिले। दूसरी ओर, भाजपा जिला नेतृत्व ने नगर निगम के अस्थायी कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान तृणमूल समर्थित कर्मचारी संगठन के कई सदस्यों ने भाजपा का दामन थाम लिया। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न शिकायतें भाजपा नेताओं के सामने रखीं। भाजपा का दावा है कि निगम में तृणमूल कर्मचारी संगठन का कार्यालय भी अब उनके कब्जे में आ गया है।

SCROLL FOR NEXT