Home slider

Sealdah Railway Station : सियालदह स्टेशन को लेकर बड़ी खबर

कोलकाता : सियालदह डिवीजन में चल रहे 1 से 5 तक प्लेटफॉर्म के विस्तार का कार्य तय समय पूरा हो चुका है। इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑपरेशन और सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग ने यह कठिन कार्य निर्धारित समय दोपहर दो बजे से काफी पहले ही पूरा कर लिया। अब पूरे सिग्नलिंग सिस्टम को 12 बजे से इंटरलॉक कर दिया गया है और दोपहर 12 बजे से सियालदह में ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। पूरी टीम सियालदह ने खराब मौसम और भीषण गर्मी के बावजूद डीआरएम दीपक निगम के गतिशील नेतृत्व में इस बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा किया। इसके बाद रविवार को12 कोचवाली लोकल ट्रेन पहली बार सियालदह प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर दाखिल हुई। इसके बाद सियालदह-शांतिपुर लोकल को चलाया गया। इसके बाद शांतिपुर के लिए ट्रेन रवाना हो गयी। 12 कोच वाली यह ट्रेन प्रायोगिक तौर पर चलाई गई थी। जुलाई से सियालदह मेन और नॉर्थ ब्रांच पर 12 डिब्बे वाली ट्रेनें चलने लगेंगी। इसी वजह से सियालदह स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 5 तक विस्तारीकरण का काम चल रहा था। इसके चलते पिछले शुक्रवार से रेल सेवाएं बाधित हैं। यात्रियों को परेशानी हो रही थी। हालांकि रविवार की सुबह कुछ यात्रियों द्वारा स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया जा रहा था। इसके कारण गुस्साये यात्रियों पर आरपीएफ की ओर से हल्का बल का प्रयोग किया गया। रविवार को दोपहर 12 बजे से सियालदह मुख्य शाखा के प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 5 तक ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया। हालांकि ऐसी संभावना है कि कुछ ट्रेनें थोड़ी देरी से चल सकती हैं।

SCROLL FOR NEXT