वोट डालने का भी आरोप
मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के जगाछा इलाके से पुलिस ने एक बांग्लादेशी दंपति को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दंपति पिछले 14 वर्षों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रहा था और लोकसभा चुनाव में मतदान भी कर चुका है। गुप्त सूचना के आधार पर जगाछा थाना पुलिस ने उन्सानी माझेरपाड़ा इलाके के एक घर में छापा मारा, जहां से Ramzan और उनकी पत्नी Arifa को गिरफ्तार किया गया। उनके साथ घर में चार बच्चे भी मौजूद थे। इनमें दो छोटे बच्चों को लिलुआ के एक होम में भेजा गया है, जबकि बाकी दो बच्चों को उनकी मां के साथ रखा गया है। प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दंपति दलालों को मोटी रकम देकर सीमा पार कर पश्चिम बंगाल में दाखिल हुआ था। इसके बाद से यह दंपति हावड़ा के जगाछा थाना क्षेत्र में रह रहा था। आरोपित रमजान स्थानीय बाजार में नारियल और ताड़ फल बेचकर परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2014 के आसपास दंपति ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए राशन कार्ड, वोटर आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट तक बनवा लिया था। इतना ही नहीं, दोनों ने पिछले लोकसभा चुनाव में मतदान भी किया था। हालांकि, एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे, जिसके कारण वे इस बार विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं कर सके। पुलिस ने दंपति के खिलाफ ‘इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट’ के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में और कौन-कौन लोग शामिल थे। हाल ही में राज्य सरकार ने भी अवैध घुसपैठ के मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने जिलों में ‘होल्डिंग सेंटर’ बनाने का निर्देश दिया है, जहां संदिग्ध घुसपैठियों को अस्थायी रूप से रखा जाएगा।