वीडियो मॉर्फ करने के आरोप में नौवीं के तीन छात्र गिरफ्तार 
Home slider

सीमा की सुरक्षा में सेंध! बांग्लादेशियों की घुसपैठ में मदद करने के आरोप में सेना का जवान गिरफ्तार

बशीरहाट के स्वरूपनगर में कार्रवाई, दो बांग्लादेशी नागरिक भी पकड़े गए

Megha

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारत-बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ कराने के आरोप में भारतीय सेना के एक जवान समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दो बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। घटना उत्तर 24 परगना के बशीरहाट स्थित स्वरूपनगर थाना क्षेत्र के बिथारी-हाकिमपुर ग्राम पंचायत के दहरकंदा इलाके की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर मंगलवार को उन्हें बशीरहाट अदालत में पेश किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान जय बारुई और बैशाखी बारुई के रूप में हुई है। दोनों बांग्लादेश के गोपालगंज के रहने वाले बताए गए हैं। सोमवार देर रात दोनों कथित तौर पर कंटीले तारों को पार कर भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों की नजर उन पर पड़ गई। दोनों को पकड़कर स्वरूपनगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर सेना के जवान की भूमिका सामने आई। जांचकर्ताओं के अनुसार, भारतीय सेना में कार्यरत जवान गौतम अधिकारी पर दोनों बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत में प्रवेश कराने में मदद करने का आरोप है। गौतम अधिकारी राजस्थान के जोधपुर में तैनात बताए गए हैं, जबकि उनका घर हुगली जिले के मोगरा इलाके में है। पुलिस ने अवैध रूप से सीमा पार कराने और भारत में प्रवेश में मदद करने के आरोप में तीनों को गिरफ्तार किया है। अब जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि दोनों बांग्लादेशी नागरिक किस उद्देश्य से भारत में दाखिल हो रहे थे। साथ ही, इस मामले में किसी संगठित गिरोह या अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार सेना के जवान की भूमिका और संपर्कों की भी जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT