Home slider

पिलखाना प्रमोटर मर्डर केस : मुख्य अभियुक्त हारुन और रोहित को हेलमेट पहनाकर हुई पेशी

दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से हुए थे गिरफ्तार, हावड़ा अदालत में पेशी के दौरान परिजनों का प्रदर्शन

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के पिलखाना इलाके में प्रमोटर सफिक खान की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। राज्य सीआईडी और हावड़ा सिटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त हारुन शेख और रोहित हुसैन को दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से दबोचा गया। गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के पिलखाना में 25 फरवरी की सुबह प्रमोटर सौफिक खान की ‘पॉइंट ब्लैंक रेंज’ से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही हारुन और रोहित फरार चल रहे थे। वहीं दिल्ली से यहां उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया और शुक्रवार को गिरफ्तार अभियुक्तों को सिर पर हेलमेट पहनाकर हावड़ा अदालत में पेश किया गया। इस दौरान मृतक सफिक खान के परिवार और स्थानीय लोगों ने अदालत परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों को फांसी देने की मांग की। कोर्ट लॉकअप के सामने स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस और रैफ की मदद से हालात को नियंत्रित किया गया। हावड़ा पुलिस (उत्तर) के एसीपी शेख हबीबुल्लाह ने बताया कि पुलिस आयुक्त आकाश मघारिया के निर्देशन में गोलाबाड़ी थाना और डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम लगातार अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई थी। इस मामले में इससे पहले मोहम्मद बिलाल उर्फ रिंकू, मोहम्मद वाकिल उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि उनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ था, लेकिन पुलिस ने बड़ाबाजार स्थित मुन्ना के घर की पानी की टंकी से एक आग्नेयास्त्र बरामद किया था। पूछताछ में मुन्ना ने बताया था कि 25 फरवरी की सुबह हत्या के बाद हारुन और रोहित उसके पास हथियार और मैगजीन छिपाने के लिए देकर फरार हो गए थे। सीआईडी का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


SCROLL FOR NEXT