सांकेतिक गिरफ्तार 
Home slider

मदद के बहाने छह लाख का हार छीना, दीघा के होटल से 4 गिरफ्तार

Megha

रोशन, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : सड़क दुर्घटना में घायल व्यवसायी की मदद करने के बहाने उसके गले से करीब छह लाख रुपये का सोने का हार छीनकर फरार होने के मामले में हावड़ा थाना पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार आरोपियों को दीघा के एक आलीशान होटल से पकड़ा गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले रामकृष्णपुर घाट के पास मोटरसाइकिल दुर्घटना में व्यवसायी प्रियनाथ करक घायल हो गये थे। इसी दौरान चार युवक मदद के लिए उनके पास पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने उन्हें टोटो से हावड़ा अस्पताल पहुंचाने की बात कही। रास्ते में आरोपियों ने कथित तौर पर उनके गले से करीब 6 लाख रुपये कीमत का सोने का हार छीन लिया और फरार हो गये। घटना के बाद पीड़ित के परिवार की ओर से हावड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों के दीघा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दीघा के एक आलीशान होटल में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गयी है। पुलिस अब छीने गये सोने के हार की बरामदगी के साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

SCROLL FOR NEXT