Home slider

रेल मंत्री ने बंगाल के लिए प्रमुख रेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकास योजनाओं का किया अनावरण

बंगाल को गुजरात से जोड़ने वाले फ्रेट कोरिडोर को मंजूरी उत्तर बंगाल में भूमिगत रेल गलियारे के निर्माण की भी पहल आसनसोल और बोकारो स्टील सिटी के बीच नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता/आसनसोल : केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, अश्विनी वैष्णव ने विरोधी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी के जरिये वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सिउड़ी स्थित नवनिर्मित रोड ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। कुमरपुर रोड ओवरब्रिज राष्ट्र को समर्पित किया और हरी झंडी दिखाकर नई आसनसोल-बोकारो ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सिउड़ी में विधायक अनुप कुमार साहा, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्रीय संपर्क में सुधार लाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। रेल मंत्री ने बताया कि इस वर्ष पश्चिम बंगाल में रेलवे के लिए रिकॉर्ड 14,205 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जो पिछली सरकार के औसत आवंटन से तीन गुना से अधिक है। उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम बंगाल में लगभग 92,000 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं चल रही हैं, जिनसे राज्य में अवसंरचनात्मक (इंफ्रास्ट्रक्चर) परिवर्तन को बढ़ावा मिलेगा। वैष्णव ने यह भी बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने बंगाल के लोगों के लिए रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए एक दर्जन से अधिक नई ट्रेनों की शुरुआत की है। यह उल्लेखनीय है कि पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पश्चिम बंगाल से शुरू हुई और इसी तरह पहली अमृत भारत ट्रेन भी पश्चिम बंगाल से शुरू हुई। बंगाल के लिए पहली बुलेट ट्रेन की घोषणा रेल बजट में की गई है और यह बुलेट ट्रेन सिलीगुड़ी से शुरू होगी। प्रधानमंत्री ने बंगाल को गुजरात से जोड़ने वाले फ्रेट कोरिडोर को मंजूरी दे दी है। उत्तर बंगाल के चिकन-नेक क्षेत्र में भूमिगत रेल गलियारे के निर्माण की भी पहल की जा रही है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में रेल अवसंरचना को मजबूत करने, जन सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्रीय संपर्क में सुधार लाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। इसी अवसर पर आसनसोल और बोकारो स्टील सिटी के बीच नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया गया। विधायक अजय कुमार पोद्दार और अग्निमित्रा पॉल उपस्थित थीं। कार्यक्रम के आरंभ में पूर्व रेलवे के जीएम मिलिंद देवस्कर ने सिउड़ी कार्यक्रम स्थल पर गणमान्य का स्वागत किया।

SCROLL FOR NEXT