Home slider

अन्नपूर्णा योजना: ‘अंडर प्रोसेस’ से ‘अप्रूव’ हो रहे आवेदन, खातों में आ रहे हैं 3 हजार रुपये

20 अगस्त को अन्नपूर्णा योजना का सिटीजन पोर्टल खोला गया

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: अन्नपूर्णा योजना के तहत राशि नहीं मिलने की शिकायतों के बीच पात्र महिलाओं के लिए राहत की खबर है। कई ऐसे आवेदकों के आवेदन, जो अब तक ‘अंडर प्रोसेस’ दिख रहे थे, अब ‘अप्रूव’ किए जा रहे हैं और उनके बैंक खातों में 3,000 रुपये की राशि पहुंच रही है। 22 अगस्त को भी पात्र लाभार्थियों के खातों में भुगतान जारी रहा। सरकार की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि बड़ी संख्या में आवेदन मिलने के कारण सत्यापन में कुछ समय लग रहा है, लेकिन किसी भी पात्र आवेदक को योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी कहा है कि इस महीने के अंत तक और आगे भी पात्रता की जांच जारी रहेगी। पात्र महिलाओं को हर महीने दूसरे सप्ताह में योजना की राशि मिलने की बात कही गई है। 20 अगस्त को अन्नपूर्णा योजना का सिटीजन पोर्टल खोला गया था। इसमें कई आवेदनों का स्टेटस ‘अंडर प्रोसेस’ दिखाई दिया। प्रशासन के अनुसार, इन आवेदनों की सत्यता और पात्रता की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद योग्य आवेदनों को मंजूरी दी जाएगी। अब तक करीब 1.80 करोड़ आवेदन मिले हैं, जिनमें 1.66 करोड़ का सत्यापन पूरा हो चुका है। करीब 1.45 करोड़ महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये पहुंचना शुरू हो गया है। वहीं, 10 से 31 जुलाई के बीच किए गए लगभग 14 लाख आवेदनों का सत्यापन जारी है।


SCROLL FOR NEXT