मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : उच्च माध्यमिक परीक्षा के पहले ही दिन हावड़ा उत्तर में स्थित गुरुनानक पब्लिक स्कूल की छात्रा पुष्पा कुमारी के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई, वह अपने परीक्षा केंद्र राजगड़िया हाई स्कूल पहुंंची तो उसे पता चला कि उसका एडमिट कार्ड घर पर ही छूट गया है। परीक्षा शुरू होने में कम समय बचा था और बिना एडमिट कार्ड के परीक्षा केंद्र में प्रवेश संभव नहीं था। उसी समय उत्तर हावड़ा के विधायक गौतम चौधरी छात्राओं को शुभकामनाएं देने स्कूल पहुंचे थे। जब इस घटना की जानकारी विधायक को हुई तो उन्होंने तुरंत पहल की। विधायक गौतम चौधरी बिना समय गंवाए अपनी बुलेट निकाली और खुद बाइक पर बैठाकर पहले परीक्षा केंद्र से छात्रा को लेकर उसके घर पहुंचे। वहां से एडमिट कार्ड लेकर उन्होंने तुरंत छात्रा को परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचा दिया। विधायक की इस तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय पर एडमिट कार्ड मिल जाने से छात्रा निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सकी। इस घटना ने न केवल जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया, बल्कि यह भी दिखाया कि कठिन समय में त्वरित निर्णय और सहयोग से बड़ी समस्या का समाधान संभव है।