Home slider

श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात: राज्य सरकार 1,100 लोगों को कराएगी सोमनाथ धाम की यात्रा

विशेष ट्रेन से गुजरात के सोमनाथ मंदिर जाएंगे श्रद्धालु यात्रा, भोजन, ठहरने और अन्य सुविधाओं का खर्च सरकार उठाएगी

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: श्रद्धालुओं के लिए राज्य सरकार ने एक विशेष धार्मिक यात्रा की घोषणा की है। इस योजना के तहत 1,100 श्रद्धालुओं को गुजरात स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर की यात्रा कराई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की जाएगी और यात्रा के दौरान भोजन, आवास, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यह यात्रा ''सोमनाथ स्वाभिमान पर्व'' के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। यह पर्व वर्ष 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए ऐतिहासिक आक्रमण के एक हजार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा है। इसका उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत और आस्था से लोगों को जोड़ना है।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे, रुद्राभिषेक और संध्या आरती में भाग लेंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लाइट एंड साउंड शो का भी आनंद ले सकेंगे।

सरकार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष तीर्थयात्री किट, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा की भी व्यवस्था की जाएगी। वहीं, सोमनाथ में स्थानीय आवागमन और ठहरने की व्यवस्था संबंधित प्रशासन द्वारा की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


SCROLL FOR NEXT