कोलकाता : कल्पना कीजिए कि जैसे ही ट्रेन स्टेशन से रवाना होती है, आप अपनी सीट पर आराम से बैठते हैं और एक लंबे सफर की उम्मीद करते हैं, जहां कोच आपको अपने घर के ड्रॉइंग रूम जितना ही ताज़ा और साफ-सुथरा महसूस हो। यह कोई संयोग नहीं है—यह पूर्व रेलवे के उस बड़े अभियान का परिणाम है, जिसका उद्देश्य यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। नेटवर्क पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए, ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस ट्रैक का एक मौन नायक बन चुका है। वर्तमान में, पूर्व रेलवे 123 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन करती है, जिनमें से 102 योग्य ट्रेनों को अब विशेष ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस योजना के अंतर्गत पूरी तरह से शामिल हैं , ताकि आपकी यात्रा यथासंभव स्वच्छ और आरामदायक हो।
जैसे ही आपकी यात्रा शुरू होती है, आपको देखभाल के तरीके में बदलाव महसूस होगा। सभी आरक्षित कोचों की ऑन-बोर्ड सफाई और एसी कोचों में बेडरोल वितरण के लिए समर्पित कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ये कर्मचारी सिर्फ पृष्ठभूमि में काम नहीं करते, बल्कि यात्रा शुरू होने के तुरंत बाद यात्रियों से अपना परिचय भी देते हैं। वे आपको सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी देते हैं, जिसके लिए सभी आरक्षित कोचों में आकर्षक स्टिकर लगाए गए हैं। इन स्टिकरों पर डिविजनल कैरेज कंट्रोल के मोबाइल नंबर दिए होते हैं, ताकि सफाई, ताज़ा बिस्तर या पानी जैसी किसी भी आवश्यकता के लिए आप आसानी से संपर्क कर सकें।
यह सुनिश्चित करने के लिए कि आप एक स्वच्छ वातावरण में जागें, रात 22:00 बजे से सुबह 06:00 बजे के बीच गहन सफाई चक्र चलाए जाते हैं, हालांकि टीम किसी भी समय यात्रियों की विशेष आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार रहती है। पर्दे के पीछे, रेलवे उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करता है। संविदा सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति “क्लीन रेल” ऐप के माध्यम से प्रारंभिक और अंतिम स्टेशनों पर, तथा यात्रा के दौरान कम से कम एक बार दर्ज की जाती है। इसके अलावा, कैरेज कंट्रोल ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस सुपरवाइजर के मोबाइल फोन के माध्यम से यात्रियों से सीधे संपर्क बनाए रखता है, जिससे कर्मचारियों की तत्परता और प्रतिक्रिया क्षमता की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके।
इन उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए, रेलवे अधिकारी संविदा ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस कर्मचारियों के लिए नियमित काउंसलिंग सत्र आयोजित करते हैं, ताकि उन्हें रेल मदद शिकायतों और यात्री प्रतिक्रिया के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके। सभी सफाई गतिविधियों की निगरानी के लिए समय-समय पर निरीक्षण भी किए जाते हैं, और अनुबंधों में असंतोषजनक प्रदर्शन के लिए कड़े दंड का प्रावधान शामिल हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि टीम आपके आराम के लिए यात्रा की शुरुआत से अंत तक समर्पित रहे।
इन प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए, पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, श्री शिबराम माझि ने कहा,
“हमारे यात्रियों की सुविधा और आराम हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस योजना के मजबूत क्रियान्वयन और ‘क्लीन रेल’ ऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से निरंतर निगरानी के जरिए हम हर यात्री के लिए स्वच्छ और सुखद वातावरण सुनिश्चित कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि पूर्व रेलवे के साथ हर यात्रा यादगार और परेशानी मुक्त बने।”