सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : हाई-प्रोफाइल व्यवसायी का फर्जी परिचय देकर एक युवती और उसके परिवार से 44 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों अभिषेक राय (32) और जाहिर अब्बास (42) को गिरफ्तार किया है। इनमें अभिषेक झारखंड के देवघर का निवासी है और कोलकाता के गरिया इलाके में भी उसका एक फ्लैट है। वहीं दूसरा आरोपित हुगली के खानाकुल का निवासी है। ग्रामीण पुलिस की साइबर शाखा के कार्यालय में एडिशनल एसपी कल्याण सरकार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि ये दोनों कथित मुख्य अभियुक्त के ‘मैनेजर’ बनकर युवती से संपर्क में आए थे और विश्वास जताकर पूरे परिवार को झांसा दिया। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता ने 26 मई को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने निवेदन किया है कि उनका नाम और पता प्रकाशित न किया जाए। व्यवसायी की पहचान वाले व्यक्ति के साथ मेट्रिमोनियल साइट के जरिए दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शादी का प्रस्ताव भी सामने आया। इसके बाद युवती और उसके परिवार के साथ आरोपित ने गहरा रिश्ता बना लिया। 24 दिसंबर से सिलसिला शुरू हुआ। जनवरी 2025 में उक्त व्यक्ति ने युवती को बताया कि जीएसटी संबंधित एक व्यापारिक विवाद के चलते उसके सभी बैंक खाते सील कर दिए गए हैं और उसे पैसों की तत्काल जरूरत है। भरोसे में लेकर आरोपित ने पांच अलग-अलग खातों के माध्यम से 44 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का सिलसिला 13 जनवरी से शुरू हुआ। पैसा मिलने के बाद आरोपित ने मेट्रिमोनियल साइट से अपनी प्रोफाइल डिलीट कर दी और युवती के साथ संपर्क टूट गया। परिवार द्वारा साइबर क्राइम थाने से संपर्क करने के बाद 26 मई को शिकायत दर्ज की गई और त्वरित जांच के बाद पुलिस ने अभिषेक को धारा 94 के तहत नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए 10 जुलाई को बुलाया। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और चंदननगर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपित को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उसी की निशानदेही पर 9 एवं 10 जुलाई की रात अभियान चला कर जाहिर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जांच में पता चला है कि अभिषेक के खाते में लगभग 32 लाख रुपये और जाहिर के खाते में कई लाख रुपये जमा हुए थे। इनमें से 6 लाख रुपये की राशि ट्रांजेक्शन से पहले ही होल्ड कर दी गई है। दोनों आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक जब्त की गई है। पुलिस को संदेह है कि यह एक गिरोह है,जो झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बना रहा है और भारी रकम की ठगी कर रहा है। इस ठगी में और कौन-कौन शामिल हैं और क्या इससे पहले भी इस तरह की किसी वारदात को इन लोगों ने अंजाम दिया है या नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि मेट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई यह पहली इतनी बड़ी ठगी है जो हुगली जिले में दर्ज हुई है।