मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के प्रमुख मछली बाजार को आधुनिक और सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य के मंत्री उमेश राय के अनुसार, बाजार के विकास के लिए करीब 250 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। केंद्रीय मत्स्य विभाग की ओर से यहां जी+5 इमारत तैयार की जाएगी। परियोजना के पूरा होने के बाद बाजार को वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं से लैस करने की योजना है। हावड़ा का यह मछली बाजार बंगाल ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों तक मछलियों के कारोबार का महत्वपूर्ण केंद्र है। रोजाना बड़ी संख्या में व्यापारी यहां पहुंचते हैं। हालांकि, मौजूदा समय में बाजार में गंदगी, अव्यवस्था और आसपास की सड़कों की खराब स्थिति के कारण व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंत्री उमेश राय ने बताया कि प्रस्तावित नई इमारत में आधुनिक मार्केटिंग हब विकसित किए जाएंगे। दूर-दराज से आने वाले व्यापारियों के लिए ठहरने की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा इमारत में लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि बाजार को व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए जल्द ही परियोजना का ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा। इसके बाद निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मंत्री के मुताबिक, परियोजना पूरी होने के बाद हावड़ा मछली बाजार को देश के प्रमुख आधुनिक मछली व्यापार केंद्रों में शामिल करने की दिशा में बड़ा कदम होगा।