Home slider

हावड़ा में नि:शुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर सम्पन्न

150 लोगों ने उठाया लाभ

हावड़ा के विवेक विहार, फोरश रोड स्थित समता भवन में श्री महावीर विद्या जैन परिवार द्वारा नि:शुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह परिवार द्वारा पिछले सात महीनों में आयोजित छठा सेवा शिविर था, जिसमें लगभग 150 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में एएसजी आई हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नेत्र जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। वहीं आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर की टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में शुगर, यूरिया, क्रिएटिनिन, यूरिक एसिड, बीयूएन, ईसीजी सहित कई आवश्यक जांचों के साथ दंत, अस्थि रोग एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा भी परामर्श दिया गया।प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य वैद्य डॉ. राधेश्याम श्रीवास्तव ने आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देकर अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर के श्री रवि दुग्गड़ ने भी शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री उमेश राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मंत्री उमेश राय ने आयुर्वेद पद्धति की उपयोगिता और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल एक चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की वैज्ञानिक जीवनशैली है।उन्होंने बताया कि नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, योग और प्राकृतिक उपचार अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। आयुर्वेद शरीर, मन और आत्मा के संतुलन पर आधारित है, जिससे व्यक्ति दीर्घकाल तक स्वस्थ और निरोग रह सकता है।उमेश राय ने लोगों से आधुनिक जीवनशैली के साथ-साथ आयुर्वेद के सिद्धांतों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी दैनिक आदतों में बदलाव कर बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है। शिविर का आयोजन श्री महावीर विद्या जैन परिवार के तत्वावधान में प्रेम जैन, शिखा जैन, ज्ञान जैन, सीमा जैन, नवीन जैन, स्नेह जैन, यशवर्धन जैन, सिद्धांत जैन, खुशी जैन एवं प्रणय जैन द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पंकज जैन, मनोज जैन (केपी), सुरेंद्र जैन सेठी, राजेश कला, मनोज बागड़ा, नवीन जैन, यश जैन, दीपक सिंघानिया, महेंद्र जैन, महावीर धारीवाल, कमल बैद, चिराग जैन, संजय अग्रवाल सहित विवेक विहार के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि समाज सेवा के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

SCROLL FOR NEXT