Home slider

आज कोलकाता में 12 घंटे ऐप कैब हड़ताल

सुबह 6 से शाम 6 बजे तक नहीं मिलेगी ओला-उबर जैसी सेवाएं 11 सूत्री मांगों को लेकर सीटू से जुड़े ड्राइवरों का आंदोलन

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: सप्ताह के पहले कार्यदिवस सोमवार को कोलकाता और आसपास के इलाकों में यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सीटू से जुड़े ऐप कैब चालकों ने अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 12 घंटे की हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान ओला, उबर समेत अन्य ऐप आधारित कैब सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है। ड्राइवरों का कहना है कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।

किराया बढ़ाने समेत 11 मांगों पर अड़े ड्राइवर : सीटू की ओर से जारी बयान के अनुसार, चालकों की प्रमुख मांगों में ऐप कैब का किराया नए सिरे से तय करना और एसी लग्जरी कैब का न्यूनतम किराया बढ़ाना शामिल है। इसके अलावा व्यावसायिक परिवहन में निजी बाइक और कारों के इस्तेमाल पर रोक लगाने, कोलकाता में सीएनजी की कमी को दूर करने तथा व्यावसायिक वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र (पॉल्यूशन टेस्ट) के लिए मोबाइल नंबर के उपयोग की व्यवस्था समाप्त करने जैसी मांगें भी शामिल हैं। ड्राइवरों का कहना है कि मौजूदा किराए में वाहन संचालन का खर्च निकालना मुश्किल हो गया है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।

मौलाली से परिवहन विभाग तक निकलेगा मार्च : अपनी मांगों के समर्थन में सोमवार सुबह 11 बजे मौलाली स्थित रामलीला पार्क में ऐप कैब चालकों का जमावड़ा होगा। इसके बाद सभी चालक रैली निकालते हुए राज्य के परिवहन विभाग तक मार्च करेंगे और वहां अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपेंगे। सीटू नेतृत्व का कहना है कि ये मांगें नई नहीं हैं। इन्हें पहले भी राज्य सरकार के समक्ष उठाया गया था, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला है। इसलिए एक बार फिर सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के लिए आंदोलन किया जा रहा है।

यात्रियों से वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील : ऐप कैब आज शहर के लाखों लोगों के लिए रोजमर्रा की यात्रा का प्रमुख साधन बन चुकी है। ऐसे में हड़ताल के कारण कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सोमवार को यात्रा के लिए पहले से वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था कर लें।

SCROLL FOR NEXT