राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के सबंग थाना इलाके के चांदकुड़ी बाजार में रविवार सुबह एक भयानक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार रविवार की सुबह सब्जी से लदी एक पिकअप वैन सबंग के तेमाथानी पटाशपुर राज्य सड़क से दसग्राम की ओर तेजी से जा रही थी। उसी समय चांदकुड़ी बाजार इलाके में पिकअप वैन ने कंट्रोल खो दिया और सीधे सड़क किनारे रॉड से लदे एक ट्रक के पीछे जाकर टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह से मुड़ गया। दुर्घटना के कारण हुए भीषण आवाज सुनकर इलाके के लोग तेजी से मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन के अंदर फंसे लोगों को बचाने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, घायलों को निकाल कर जल्दी से सबंग ग्रामीण अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया और बाकी तीन को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका अभी इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों गाड़ियों को ज़ब्त कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच से पता चलता है कि हादसा तेज़ रफ़्तार की वजह से हुआ। इस घटना से इलाके में मातम का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सड़क पर नित्य रुप से पुलिस निगरानी की मांग की है।