मनोरंजन

नेटफ्लिक्स की 'द रॉयल्स' का दूसरा सीजन घोषित, ईशान खट्टर की वापसी

नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग शुरू, ईशान खट्टर की वापसी

Muskan Lall

ओटीटी मंच नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को घोषणा की कि उसकी लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग शुरू हो गई है। अभिनेता ईशान खट्टर इस सीजन में भी अपनी भूमिका निभाते नजर आएंगे।

पहले सीजन में ईशान के साथ मुख्य भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री भूमि पेडनेकर दूसरे सीजन में नजर नहीं आएंगी। दूसरे सीजन का निर्देशन नित्या मेहरा और तनुज चोपड़ा करेंगे।

रंगिता प्रीतिश नंदी और इशिता प्रीतिश नंदी की बनाई इस सीरीज का पहला सीजन मई 2025 में रिलीज हुआ था। यह 58 देशों में नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 गैर-अंग्रेजी टीवी शो सूची में शामिल हुआ था।

पहले सीजन की कहानी मोरपुर के आर्थिक संकट से जूझ रहे शाही परिवार के आकर्षक लेकिन लापरवाह राजकुमार अविराज सिंह (ईशान खट्टर) और अपना कारोबार खुद खड़ा करने वाली उद्यमी व लग्जरी होमस्टे व्यवसाय की सीईओ सोफिया कनमनी शेखर (भूमि पेडनेकर) के प्रेम संबंधों के इर्द-गिर्द घूमती थी।

दोनों को मिलकर जर्जर हो चुके शाही महल को लग्जरी बेड-एंड-ब्रेकफास्ट में बदलना था। लेकिन उनके अलग-अलग स्वभाव और महत्वाकांक्षाओं के कारण टकराव, पारिवारिक प्रतिद्वंद्विता और अप्रत्याशित प्रेम कहानी सामने आई।

नेटफ्लिक्स के मुताबिक, दूसरे सीजन में दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान के साथ साक्षी तंवर, विहान समत और काव्या त्रेहान भी अपनी भूमिकाएं दोहराएंगे।

नेटफ्लिक्स ने कहा कि दूसरे सीजन में कहानी का दायरा और भव्य होगा। इसमें नए शाही परिवार, गठबंधन, प्रतिद्वंद्विता और प्रेम संबंध शामिल होंगे। इससे एक बार फिर साबित होगा कि शाही जीवन कभी भी व्यवस्थित नहीं होता।

सीरीज की निर्माता रंगिता और इशिता ने संयुक्त बयान में कहा कि पहले सीजन को दर्शकों से मिले प्यार ने इस शो के साथ उनके सफर को और खास बना दिया।

उन्होंने कहा, “हम बड़े और दिलचस्प किरदारों, जटिल रिश्तों और ऐसे परिवार की दुनिया में लौटने को लेकर उत्साहित हैं, जिसके पास कभी सरप्राइज की कमी नहीं होती। दूसरे सीजन में हम कहानी को आगे बढ़ाने, दर्शकों के पसंदीदा किरदारों को वापस लाने और रोमांस, हास्य तथा पारिवारिक ड्रामे को और बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।”

उन्होंने कहा कि मोरपुर में अभी बहुत कुछ तलाशना बाकी है और वे दर्शकों के साथ प्यार, हंसी और शाही उथल-पुथल से भरे एक और सीजन का अनुभव साझा करने के लिए उत्साहित हैं।

नेटफ्लिक्स इंडिया में सीरीज प्रमुख तान्या बामी ने कहा कि दूसरे सीजन में मोरपुर की दुनिया को और गहराई से दिखाया जाएगा। साथ ही नए रिश्तों, प्रतिद्वंद्विताओं और किरदारों के जरिए कहानी का दायरा भी बढ़ेगा।

उन्होंने कहा, “रंगिता और इशिता नंदी ने ऐसी दुनिया बनाई है, जो एक पल बेहद ग्लैमरस होती है और अगले ही पल हास्यास्पद रूप से उथल-पुथल भरी। इस सीजन का निर्देशन तनुज चोपड़ा और नित्या मेहरा कर रहे हैं। हम यह देखने को उत्साहित हैं कि दिल, हास्य और ड्रामे का यह मेल अगले सीजन में किस तरह और ऊंचाई पर पहुंचता है।”

SCROLL FOR NEXT