मनोरंजन

'दूसरा’ के निर्माताओं से दिल्ली HC ने मांगा जवाब, सौरव गांगुली ने दायर की याचिका

सौरव गांगुली के व्यक्तित्व अधिकारों के उल्लंघन के आरोप पर दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म ‘दूसरा’ के निर्माताओं से मांगा जवाब

Muskan Lall

दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को फिल्म ‘दूसरा’ के निर्माताओं से पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की उस याचिका पर जवाब मांगा, जिसमें उन्होंने फिल्म में अपने व्यक्तित्व अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। अदालत ने कहा कि फिल्म के खिलाफ अंतरिम राहत देने पर फैसला प्रतिवादियों के जवाब दाखिल करने के बाद ही किया जा सकता है। अदालत ने निर्माताओं से फिल्म की स्क्रीनिंग की व्यवस्था करने को भी कहा। फिल्म शुक्रवार को ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।

न्यायमूर्ति विनोद कुमार की अवकाशकालीन पीठ ने गांगुली और पूर्व क्रिकेट कप्तान पर बायोपिक बना रही कंपनी लव फिल्म्स एलएलपी की ओर से दायर मुकदमे में फिल्म के निर्माता, निर्देशक और वितरक को समन जारी किए। दशहरा अवकाश के कारण हाईकोर्ट बंद होने के दौरान न्यायमूर्ति कुमार ने इस मामले की सुनवाई की। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 29 अक्टूबर की तारीख तय की।

फिल्म निर्माताओं की ओर से पेश वरिष्ठ वकील ने दलील दी कि ‘दूसरा’ बायोपिक नहीं, बल्कि राजस्थान की एक मध्यमवर्गीय लड़की की काल्पनिक कहानी है, जो क्रिकेटर से जुड़े कुछ खेल आयोजनों से प्रेरित है। इस पर अदालत ने कहा कि फिल्म दिखाने की व्यवस्था की जाए, ताकि यह तय किया जा सके कि इससे याचिकाकर्ता के व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

प्रतिवादियों के वकील ने दलील दी कि फिल्म रिलीज हो चुकी है, इसलिए इस स्तर पर अंतरिम राहत की मांग निरर्थक हो गई है। हालांकि, गांगुली की ओर से पेश वकील ने कहा कि इसके बावजूद फिल्म की रिलीज पर रोक लगाई जा सकती है।

इससे पहले, गुरुवार को हाईकोर्ट ने गांगुली की याचिका पर फिल्म ‘दूसरा’ की सिनेमाघरों में रिलीज रोकने से इनकार कर दिया था। फिल्म निर्माताओं के वरिष्ठ वकील ने उस समय अदालत को आश्वस्त किया था कि यह फिल्म बायोपिक नहीं है और गांगुली से संबंधित कुछ वीडियो क्लिप इस्तेमाल करने के लिए संबंधित अधिकारधारकों से आवश्यक अनुमति ली गई है।

वहीं, गांगुली के वकील ने आशंका जताई कि फिल्म से क्रिकेटर के व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन हो सकता है। उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माण के लिए गांगुली से कोई लाइसेंस नहीं लिया गया। इसके जवाब में प्रतिवादियों के वकील ने दलील दी कि कोई खिलाड़ी वर्ष 2002 की नेटवेस्ट सीरीज की वीडियो क्लिप पर व्यक्तित्व अधिकारों का दावा नहीं कर सकता।

‘दूसरा: इंडियाज अदर फ्रीडम स्ट्रगल’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन अभिनव देव ने किया है। फिल्म में प्लबिता बोरठाकुर, अंकुर विकल और समिधा गुरु ने अभिनय किया है।

SCROLL FOR NEXT