कोलकाता - केजीएफ स्टार यश ने बेंगलुरू में रैपर हनी सिंह के कॉन्सर्ट में अचानक आकर दर्शकों को हैरान कर दिया। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों के बारे में बात करते हुए कहा कि उनकी कहानी भी हनी की तरह है। इस दौरान, यश के फैंस जोर-जोर से उनका पॉपुलर नाम 'रॉकी' बुला रहे थे। हनी सिंह इन दिनों मिलियनेयर इंडिया टूर के तहत 10 शहरों का दौरा कर रहे हैं। बेंगलुरू में हुए हनी सिंह के कॉन्सर्ट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिसमें दोनों के बीच की मजबूत बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है।
क्या कहा हनी सिंह ने ?
दुनिया भर में यो यो हनी सिंह के नाम से प्रसिद्ध हनी सिंह ने बेंगलुरू के कॉन्सर्ट के दौरान यश का शानदार तरीके से स्वागत किया। सोशल मीडिया पर दोनों का एक दिल छूने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हनी सिंह यश का स्वागत करते हुए कहते हैं, "हमारी कहानी एक जैसी है। जब हम इसे एक-दूसरे के साथ साझा करते हैं, तो यह भाईचारे का सही उदाहरण बन जाता है। मुझे कर्नाटक में एक यादगार पल मिला है। मेरा भाई यश।"
क्या कहा यश ने ?
हनी सिंह के वेलकम के बाद यश ने कहा, "आपकी कहानी बहुत प्रेरणादायक है। हम इस पर बात कर रहे थे कि आपने अपने जीवन में कितनी मेहनत की और आज आप किस मुकाम पर हैं। हर किसी को संघर्ष का सामना करना पड़ता है, लेकिन जो सबसे ज्यादा मायने रखता है, वह है प्यार। लोग आपसे सच्चे दिल से प्यार करते हैं और आपका सम्मान करते हैं। आप हमेशा आगे बढ़ते रहें, भाई।" इसके अलावा, हनी सिंह ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके कॉन्सर्ट के दौरान यश उनके साथ स्टेज पर नजर आ रहे हैं।