मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुना गया है। फिल्म के निर्देशक संतोष दावखर का कहना है कि उनकी टीम भारतीय दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय ऑस्कर अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल टीम का पूरा ध्यान फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के बजाय ऑस्कर की दौड़ पर है।
पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में दावखर ने कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय श्रेणी को ध्यान में रखकर फिल्म बनाई है और भारत ने इसी श्रेणी में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए इसे चुना है। ऐसे में टीम की पहली जिम्मेदारी ऑस्कर अभियान को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाना है। उनके मुताबिक, फिल्म की आधिकारिक एंट्री घोषित होने के बाद टीम ने करीब एक महीने तक एकेडमी की चयन प्रक्रिया का अध्ययन किया।
मंगलवार को एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए पात्र 104 फिल्मों की सूची जारी की। इसमें भारत की आधिकारिक एंट्री ‘गोंधल’ के साथ नागालैंड की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘अंग’ भी शामिल है। ‘अंग’ को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड जीतने के बाद इस सूची में जगह मिली। भारत की ओर से इस श्रेणी में आखिरी बार 2001 में आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ को ऑस्कर नामांकन मिला था।
दावखर ने कहा कि पूरी टीम को पता है कि देश के लोगों की उम्मीदें उनसे जुड़ी हैं और वे उन्हें पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ऑस्कर अभियान की तुलना चुनाव से करते हुए कहा कि जैसे चुनाव में मतदाताओं तक पहुंचना जरूरी होता है, वैसे ही फिल्म को एकेडमी के वोटरों तक पहुंचाना होगा। इसके लिए लॉस एंजिलिस, न्यूयॉर्क, ब्रिटेन और यूरोप में विशेष टीम तैनात की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में फिल्म की स्क्रीनिंग भी आयोजित की जा रही है।
फिल्म के अभिनेता निशाद भोइर ने बताया कि ऑस्कर के लिए चयन की खबर के बाद दर्शकों में काफी उत्सुकता बढ़ी है। टीम को लगातार संदेश मिल रहे हैं कि फिल्म कहां देखी जा सकती है और यह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कब रिलीज होगी। अभिनेता योगेश ने पुणे में आयोजित पेड प्रीव्यू का अनुभव साझा करते हुए बताया कि करीब 450 दर्शकों की क्षमता वाले थिएटर में लगभग 650 लोग फिल्म देखने पहुंचे थे। विदेशों में भी फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। लंदन और मैनचेस्टर में यूके हाई कमीशन की ओर से आयोजित स्क्रीनिंग में मराठी भाषी और विदेशी दर्शकों ने फिल्म को पसंद किया।
अभिनेत्री इशिता देशमुख ने कनाडा में हुई स्क्रीनिंग का अनुभव बताते हुए कहा कि वहां कई लोगों की भारतीय फिल्मों को लेकर धारणा मुख्य रूप से बॉलीवुड तक सीमित थी। वे भारतीय फिल्मों को गाने, डांस और तीन घंटे की कहानी से जोड़कर देखते थे। फिल्म देखने के बाद उन्हें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि भारत में इस तरह की फिल्में भी बनती हैं। दावखर ने बताया कि ‘कांतारा’ के निर्माता होम्बले फिल्म्स के वैश्विक वितरण के लिए साथ आने से फिल्म के अंतरराष्ट्रीय अभियान को मजबूती मिली है। टीम को भारत की पिछली आधिकारिक ऑस्कर एंट्री ‘होमबाउंड’ के निर्माताओं से भी मार्गदर्शन मिला है।
हालांकि, दावखर ने माना कि अभियान देर से शुरू होने के कारण चुनौतियां भी हैं। कई अंतरराष्ट्रीय स्क्रीनिंग स्थलों की बुकिंग बड़े स्टूडियो और वितरकों ने महीनों पहले ही कर ली थी। ऑस्कर के अलावा टीम को उम्मीद है कि ‘गोंधल’ मराठी सिनेमा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी। दावखर ने चैतन्य तम्हाणे की फिल्म ‘कोर्ट’ को ‘गोंधल’ बनाने की प्रेरणा बताया। अभिनेता भोइर ने भी उम्मीद जताई कि फिल्म पैन-इंडिया सिनेमा की परिभाषा को व्यापक बनाएगी, जो अब तक मुख्य रूप से तेलुगु, तमिल और मलयालम फिल्मों से जोड़ी जाती रही है। ‘गोंधल’ फिलहाल सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है।