इन दिनों सन नियो चैनल पर पर प्रसारित हो रहे टीवी शो 'थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान' आम टीवी धारावाहिकों से थोड़ा अलग है। इसमें महिलाओं द्वारा अपने सपनों और खुद की पहचान के संघर्ष की कहानी दिखाई गई है। उभरती हुई भारतीय टेलीविज़न अभिनेत्री आरती बिराजदार ने इस टीवी शो में वैदेही का लीड रोल निभाया है। वह एक साधारण परिवार की एक ऐसी मेहनतकश लड़की है जो अपनी जिंदगी की मुश्किलों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को पूरा करने का हौसला रखती है। आरती बिराजदार का मानना है कि यह शो महिलाओं को सीधे से यह संदेश देता है कि शादी का मतलब कभी भी अपने सपनों को छोड़ देना नहीं होता। इस शो के जरिए आरती बिराजदार ने घर-घर में अपनी पहचान बना ली हैं। एक मराठी परिवार से ताल्लुक रखने वाली एक्ट्रेस आरती बिराजदार के परिवार में लोक कला और संगीत वाले माहौल ने उन्हें अभिनय की ओर प्रेरित किया। शायद यही वजह रही कि उन्होंने बचपन से ही स्कूल और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों व थिएटर में सक्रियता के साथ भाग लेना शुरू कर दिया था। आरती के अनुसार, वैदेही का चरित्र सिर्फ एक टेलीविज़न किरदार नहीं है, बल्कि यह उन सभी महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानतीं और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए संघर्ष करती हैं। (युवराज)