पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘अमित अटल’ को गोवा में आयोजित 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में प्रदर्शित किया गया। फिल्म का प्रदर्शन बुधवार को हुआ। इसका निर्देशन हिंदी पत्रिका ‘पाञ्चजन्य’ के संपादक हितेश शंकर ने किया है। उल्लेखनीय है कि वाजपेयी इस पत्रिका के संस्थापक संपादक थे।
महोत्सव के आयोजकों के अनुसार, डॉक्यूमेंट्री में वाजपेयी की यात्रा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवक और प्रचारक से लेकर कवि, पत्रकार, संपादक और देश के प्रधानमंत्री बनने तक के सफर के रूप में दिखाया गया है। फिल्म में उनके जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं के साथ कुछ ऐसे प्रसंगों को भी शामिल किया गया है, जिनके बारे में बहुत कम चर्चा हुई है।
डॉक्यूमेंट्री में वाजपेयी के लेखन, कविताओं और भाषणों के जरिए सार्वजनिक जीवन और भारतीय राजनीति में उनके योगदान को सामने लाने की कोशिश की गई है। फिल्म उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं और राजनीतिक सफर को भी रेखांकित करती है।
इससे पहले ‘पाञ्चजन्य’ की डॉक्यूमेंट्री ‘विभाजन की विभीषिका: अनसुनी कहानियां’ को 2022 में IFFI में प्रदर्शित किया गया था। हितेश शंकर के निर्देशन में बनी लगभग 30 मिनट की इस हिंदी डॉक्यूमेंट्री का चयन महोत्सव के भारतीय पैनोरमा खंड की गैर-फीचर श्रेणी में हुआ था। फिल्म में देश के विभाजन और उस दौरान विस्थापित हुए लोगों के अनुभवों को दिखाया गया था।
57वें IFFI का आयोजन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, गोवा सरकार और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के सहयोग से किया जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव में स्पेन को ‘कंट्री ऑफ फोकस’ बनाया गया है। स्पेन की चार फिल्मों का प्रदर्शन निर्धारित है। वहीं, रूस ‘पार्टनर कंट्री’ है और उसकी भी चार चुनिंदा फिल्में महोत्सव में दिखाई जा रही हैं।