सन्मार्ग संवाददाता
नई दिल्ली : भजन सम्राट पद्मश्री पं. अनूप जलोटा के भक्तिमय भजनों और नन्ही नृत्यांगना आव्या एम. भूतोड़िया की पहली मंचीय प्रस्तुति ने ‘आरोहण-2026’ की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। साई शिंजिनी एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर की ओर से श्रीराम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स में आयोजित इस समारोह में संगीत, नृत्य और चित्रकला का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्य अतिथि केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी के उपाध्यक्ष पद्मश्री उस्ताद अनवर खान मांगनिहार थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ चित्रकार संजीव कुमार गोगोई द्वारा कैनवास पर गणपति की आकृति उकेरने से हुआ। अनवर खान ने चित्र पर तिलक लगाकर इसे पूर्णता प्रदान की। इस अवसर पर वरिष्ठ समकालीन चित्रकार सुदीप रॉय को ‘कला विभूति’ सम्मान दिया गया। वहीं, ‘प्रकाश पारिख स्कॉलरशिप’ काव्या और निकी को प्रदान की गई।
इसके बाद अकादमी की छात्राओं ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। नृत्य गुरु शिंजिनी कुलकर्णी ने आठ शिष्याओं के साथ ‘पंचतत्व नमम्याहम’ के जरिए कथक की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
अनूप जलोटा ने ‘ऐसी लागी लगन’, ‘अच्युतम केशवम’, ‘राम आएंगे आएंगे’ और ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम’ सहित कई लोकप्रिय भजनों से वातावरण भक्तिमय कर दिया।
इसी दौरान आव्या एम. भूतोड़िया भगवान कृष्ण की प्रतिमा लेकर गुरु शिंजिनी कुलकर्णी के साथ मंच पर पहुंचीं। प्रतिमा स्थापित कर तिलक करने के बाद उन्होंने अपनी पहली औपचारिक मंचीय प्रस्तुति ‘प्रथम मंच प्रणाम’ दी। प्रस्तुति के बाद आव्या ने अनूप जलोटा के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
अनवर खान ने आव्या को आशीर्वाद देते हुए उनके पिता संदीप भूतोड़िया को बधाई दी। उन्होंने शिंजिनी कुलकर्णी द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को कथक सिखाने की पहल की सराहना की। समारोह में युवा तबला वादक ईशान घोष का एकल वादन तथा विदुषी गीतांजलि लाल, शाश्वती सेन और अल्पना वाजपेयी की ‘अभिनय कचहरी’ भी विशेष आकर्षण रही।