तमिल और कन्नड़ सिनेमा में कई यादगार रोल निभा चुकी साउथ की लोकप्रिय मॉडल-एक्ट्रेस शिल्पा मंजूनाथ ने अपनी बेहतरीन अदायगी और बेपनाह खूबसूरती से ऑडियंस के बीच एक खास पहचान बनाई है। वह अलग-अलग तरह के चुनौतीपूर्ण किरदारों के लिए जानी जाती हैं।
29 मार्च 1992 को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु, में पैदा हुई शिल्पा ने विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी कर्नाटक से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है।
फिल्मों में आने से पहले वह मॉडलिंग में सक्रिय थीं। उन्होंने साल 2013 में 'मिस कर्नाटक' का खिताब अपने नाम किया था। मॉडलिंग के साथ-साथ उन्होंने कन्नड़ टीवी के कुछ रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया।शिल्पा ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत कन्नड़ फिल्म 'मुंगारू मेल 2' (2016) से की। इसके बाद उन्होंने कन्नड़ भाषा की 'नीवु करे मादिदा चंदादारारु' और 'निम्मा वस्तुगालिगे नीवे जावाबदाराड़ु' (2025) जैसी फिल्मों में काम किया।
उन्होंने तमिल सिनेमा में विजय एंटनी के साथ फिल्म 'यमन' (2017) से कदम रखा और इसके बाद तमिल फिल्म 'काली' (2018) में भी नजर आईं। तमिल सिनेमा में शिल्पा को बड़ी सफलता रोमांटिक-ड्रामा फिल्म इस्पेड राजावुम इधया राणियुम' (2019) से मिली। इस फिल्म में वह हरीश कल्याण के अपोजिट तारा के लीड रोल में थी। साल 2019 में वह द्विभाषी फिल्म 'पेराझागी आईएसओ' में डबल रोल में नजर आईं। उनके द्वारा की गई अन्य तमिल फिल्मों में 'वेब' (2023), 'सिंगपेन्नेई' (2024) और 'वा वाथियाआर' (2026) के नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।
तमिल और कन्नड़ के अलावा उन्होंने मलयालम फिल्म 'एडवेंचर ऑफ ओमानकुट्टन' और रोसापू (2018) और तेलुगु में बनी हाइड एन सीक (2024) फिल्म में भी काम किया है। (युवराज)