वडोदरा : महिला प्रीमियर लीग (WPL) में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) का मुकाबला UP वॉरियर्स के साथ हुआ। इस मैच में RCB की टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल की और इसी के साथ फाइनल का टिकट भी पक्का कर लिया है। 8 मैचों में छठी जीत से RCB ने सीधे फाइनल में इंट्री की है। टीम को 2 हार मुंबई और दिल्ली से मिली। दूसरी ओर पांचवीं हार से UP की टीम लगभग बाहर हो गई। टीम को क्वालिफाई करने के लिए दिल्ली के खिलाफ आखिरी मैच में बड़े अंतर से जीतने के साथ मुंबई के हारने की दुआ भी करनी होगी। इस मुकाबले में RCB ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। RCB ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी UP की टीम को 8 विकेट पर 143 रन पर रोक दिया। जवाब में 13.1 ओवर में 2 विकेट पर 147 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। ग्रेस हैरिस ने 37 गेंद में 75 रन (13 चौके, 2 छक्के) और स्मृति मंधाना ने 27 गेंद में नाबाद 54 रन (8 चौके, 2 छक्के) की पारी खेली। जॉर्जिया वोल ने 16 रन बनाये।
UP की पारी : नाडिन डि क्लर्क के चार विकेट की बदौलत RCB ने जोरदार वापसी करते हुए UP वॉरियर्स को तेज शुरुआत के बावजूद 143 रन से आगे नहीं बढ़ने दिया। प्ले ऑफ में जगह के लिए करो या मरो जैसे मुकाबले में वॉरियर्स ने सलामी बल्लेबाज किरण नवगिरे को बाहर कर दीप्ति शर्मा को मेग लैनिंग के साथ पारी की शुरुआत करने भेजा। यह फैसला शुरुआत में काफी सफल रहा। दीप्ति ने 43 गेंद में 55 रन (छह चौके, एक छक्का) की शानदार पारी खेली। दीप्ति और लैनिंग (41) ने पहले विकेट के लिए 49 गेंद में 72 रन की साझेदारी कर मौजूदा सत्र में टीम को सर्वश्रेष्ठ शुरुआत दिलाई। इससे टीम को तेज शुरुआत मिली, लेकिन क्लर्क ने बीच के ओवरों में 22 रन पर चार विकेट और ग्रेस हैरिस (तीन ओवर में 22 रन पर दो विकेट) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रनगति पर ब्रेक लगा दिया। आठ ओवर में बिना विकेट के 74 रन बनाने वाली यूपी वॉरियर्स की टीम 13.2 ओवर में 103 तक पहुंचने में चार विकेट गंवा दिये।
दीप्ति ने एक छोर संभाले रखा लेकिन लगातार विकेट गिरते रहे और रन रेट भी धीमा हो गया।शुरुआत में दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए पहले तीन ओवर में सिर्फ 12 रन बनाए, लेकिन श्रेयांका पाटिल के ओवर में गियर बदल दिया। दीप्ति ने फुल टॉस पर चौका लगाया, जबकि लैनिंग ने क्रीज में आगे बढ़कर स्क्वायर लेग पर जोरदार शॉट खेला, जिससे यह ओवर मैच का रुख बदलने वाला साबित हुआ।दीप्ति ने इसके बाद लॉरेन बेल को निशाना बनाया, वहीं लैनिंग ने सायली सतघरे के ओवर में एक छक्का और एक चौका जड़ा। सातवें ओवर में रेड्डी के खिलाफ 18 रन बने, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने तीन बार गेंद को बाउंड्री के पार भेजा। सात ओवर में बिना विकेट खोए 68 रन बनाकर यूपी वॉरियर्स 200 के स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन इसके बाद टीम की पारी बिखर गई। डि क्लर्क ने पहली सफलता दिलाते हुए लैनिंग को 30 गेंदों में 41 रन (छह चौके, एक छक्का) पर आउट किया और फिर एमी जोन्स (एक) को पगबाधा कर दिया।हैरिस ने इसके बाद हरलीन देओल (14 गेंदों में 14) और क्लो ट्रायोन (छह) को लगातार ओवरों में आउट कर यूपी वॉरियर्स की मुश्किलें और बढ़ा दीं।