फाइल फोटो 
क्रिकेट

वॉर्नर ने आरोप स्वीकार लिया

शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में वॉर्नर ने अदालत में दोष स्वीकार किया, अब जेल, भारी जुर्माना और ड्राइविंग पर प्रतिबंध की आशंका

मेलबर्न : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने बुधवार को शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप कबूल कर लिया। अप्रैल में हुई इस घटना के लिए उन्हें नौ महीने तक की जेल हो सकती है। वॉर्नर ने अपने वकील बॉबी हिल के जरिए शराब पीकर गाड़ी चलाने की बात स्वीकारी और उन्हें खुद अदालत में पेश होने की जरूरत नहीं पड़ी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘सजा सुनाने के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की गई है।

उस दिन वॉर्नर को कम से कम छह महीने के लिए गाड़ी चलाने से रोका जा सकता है। इसके अलावा 2,200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना लग सकता है और नौ महीने तक की जेल भी हो सकती है।’ अप्रैल में ‘ईस्टर संडे’ के दिन सिडनी में पुलिस ने सड़क किनारे जांच के लिए उन्हें रोका था और इसमें उनके शरीर में अल्कोहल पाया गया था।

हिल ने पहले कहा था, ‘उन्हें पता है कि उन्होंने जो किया वह गलत था।’ उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘वह मानते हैं कि यह एक गैर-जिम्मेदाराना और बेवकूफी भरा फैसला था कि उन्होंने उबर लेने के बजाय अपनी कार चलाई।’ हिल ने बताया, ‘इससे पहले वॉर्नर ने एक दोस्त के घर पर तीन ग्लास वाइन पी थी।’

वॉर्नर के जुर्म कबूलने से बिग बैश में सिडनी थंडर फ्रेंचाइजी की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं। ‘क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स’ के मुख्य कार्यकारी ली जर्मन ने कहा, ‘ये आरोप निश्चित रूप से चिंताजनक हैं और हम इन्हें बहुत गंभीरता से ले रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स में हम सुरक्षित ड्राइविंग के पक्षधर हैं, शराब पीकर गाड़ी चलाने के नहीं।’  

SCROLL FOR NEXT