फाइल फोटो 
क्रिकेट

विराट-रोहित को रास आती हैं कीवी पिचें, लेकिन इस बार होगा कुछ अलग : सैंटनर

न्यूजीलैंड कप्तान सैंटनर ने माना, वनडे में विराट-रोहित सबसे बड़ी चुनौती; कीवी पिचों पर इस बार हालात बदलने की उम्मीद

मुंबई : न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटेनर ने भारत के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को आगामी वनडे सीरीज के लिए बड़ी चुनौती करार देते हुए कहा कि अतीत में इन दोनों दिग्गजों को न्यूजीलैंड की पिचें रास आयी है लेकिन उम्मीद है इस बार हालात अलग होंगे। कोहली और रोहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब सिर्फ 50 ओवर के प्रारूप में खेलते हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस साल अक्टूबर-नवंबर में पांच वनडे, पांच T-20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैच खेले जाने हैं। सैंटेनर ने कहा, ‘यह एक चुनौती होगी। हमने लंबे समय से देखा है कि वे दोनों अब भी बेहद अच्छे खिलाड़ी हैं और वनडे क्रिकेट के माहिर हैं।

अतीत में न्यूजीलैंड की कुछ पिचें उन्हें काफी रास आई हैं। उम्मीद है कि इस बार ऐसा नहीं होगा।’ सैंटनर ने भारत-न्यूजीलैंड सीरीज को विश्व कप की तैयारी का अहम हिस्सा करार दिया। ‘यूरोपीय T-20 प्रीमियर लीग’ में ‘एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स’ की कप्तानी कर रहे सैंटनर ने कहा, ‘इसमें कोई संदेह नहीं कि यह शानदार सीरीज होगी। यह अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों का हिस्सा है। सीमित मैचों के बीच हर टीम विश्व कप के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ संयोजन बनाने की कोशिश कर रही है।’ सैंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ पांच वनडे खेलने हैं। इसके बाद घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच होंगे और फिर सितंबर 2027 में इंग्लैंड में विश्व कप की तैयारियां की जाएंगी।

उन्होंने कहा, 'सबसे पहले हमारा लक्ष्य घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ सीरीज जीतना है। यह हमारे लिए शानदार उपलब्धि होगी। इसके बाद अगले साल अक्टूबर तक विश्व कप के लिए टीम का सही संयोजन तैयार करने पर ध्यान रहेगा।’ भारत और न्यूजीलैंड के बीच पिछली टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड ने ऐतिहासिक रूप से 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस जीत के साथ उसने भारत का घरेलू मैदान पर 12 साल से अधिक समय और 18 सीरीजों से चला आ रहा अजेय अभियान खत्म कर दिया था। भारतीय टेस्ट टीम में बदलाव के दौर को देखते हुए सैंटनर ने कहा कि नवंबर में न्यूजीलैंड में होने वाले दो टेस्ट मैच भारतीय टीम के कुछ नए खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

भारत दौरे पर पुणे में दूसरे टेस्ट में 13 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को सीरीज जिताने वाले सैंटनर ने पिछला दौरा याद करते हुए कहा कि नए खिलाड़ियों के लिए यहां की परिस्थितियों में जल्द ढलना महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा, 'जैसा कि हमने पहले भी बात की है, सबसे जरूरी है कि परिस्थितियों के अनुसार जल्दी ढलने की कोशिश की जाए। नए खिलाडियों से सजी भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड में लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का यह पहला अनुभव हो सकता है।

यहां की पिचें उनके लिए नई होंगी और संभव है कि वे भारत की तुलना में गेंदबाजों को अधिक मदद दें।' सैंटनर ने हालांकि मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम को 'पूरी तरह संतुलित' करार देते हुए कहा कि टीम अच्छी तरह तैयार होती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के पास उछाल हासिल करने की क्षमता है, जबकि रवींद्र जडेजा और मानव सुथार स्पिन का विकल्प देंगे।

SCROLL FOR NEXT