नयी दिल्ली : युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को 9 जून से श्रीलंका में शुरू हो रही 50 ओवर की त्रिकोणीय सीरीज के लिए गुरुवार को भारत ‘ए’ टीम में शामिल किया गया। भारत और मेजबान श्रीलंका के अलावा टूर्नामेंट की एक अन्य टीम अफगानिस्तान ‘ए’ है। मैच दाम्बुला में खेले जाएंगे। भारत ‘ए’ गॉल में दो बहु दिवसीय (चार दिन के) ‘टेस्ट’ मैच भी खेलेगा लेकिन उसके लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी। माना जा रहा है कि सूर्यवंशी को टीम में इसलिए शामिल किया गया है क्योंकि चयनकर्ता उन्हें भारत ‘ए’ टीम के साथ परखना चाहते हैं। चयनकर्ता 26 जून से शुरू होने वाले ब्रिटेन (आयरलैंड और इंग्लैंड) दौरे के लिए सीनियर टीम में चुने जाने से पहले उन्हें आजमाना चाहते हैं। यह तीन देशों की सीरीज 21 जून को समाप्त होगी।
भारत की 15 सदस्यीय टीम की औसत उम्र लगभग 23 साल है। केवल तेज गेंदबाज अरशद खान, युद्धवीर सिंह और यश ठाकुर ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिनकी उम्र 25 साल से अधिक है। टीम में कोई भी खिलाड़ी 30 साल से अधिक का नहीं है और सभी ने विजय हजारे ट्रॉफी (राष्ट्रीय एकदिवसीय चैंपियनशिप) में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके अलावा वे सभी IPL में अनुबंधित भी हैं। तिलक (मुंबई इंडियंस) और उप कप्तान रियान पराग (राजस्थान रॉयल्स) के अलावा सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, सूर्यांश शेडगे (सभी पंजाब किंग्स), हर्ष दुबे (सनराइजर्स हैदराबाद), निशांत सिंधु, अरशद खान (दोनों गुजरात टाइटंस), और आयुष बडोनी (लखनऊ सुपर जाइंट्स) भी मौजूदा IPL सत्र के दौरान अपनी-अपनी टीम के नियमित खिलाड़ी रहे हैं।
टीम में शामिल अंशुल कंबोज (टेस्ट), रियान पराग और तिलक वर्मा (T-20 अंतरराष्ट्रीय और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय) पहले ही सीनियर टीम के लिए खेल चुके हैं। वहीं आयुष बडोनी को इस साल की शुरुआत में भारतीय टीम में चुना गया था लेकिन उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। तिलक इससे पहले भी भारत ‘ए’ की कप्तानी कर चुके हैं जबकि आर्य ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ शतक बनाया था। स्पिनरों में दुबे, शेडगे, विपराज निगम शामिल हैं जबकि प्रभसिमरन और कुमार कुशाग्र दो विकेटकीपर हैं। भारत ‘ए’ की टीम श्रीलंका ‘ए’ (9 और 15 जून) और अफगानिस्तान ‘ए’ (11 और 17 जून) के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी। शीर्ष दो टीम 21 जून को होने वाले फाइनल में भिड़ेंगी।
त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारत ‘ए’ टीम : तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग, आयुष बडोनी, निशांत सिंधू, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान।