क्रिकेट

यह महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है : जय शाह

I महिला T-20 विश्व कप की भव्य शुरुआत, जय शाह ने समावेशी और वैश्विक क्रिकेट के नए युग की ओर इशारा किया

लंदन : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष जय शाह ने रविवार को कहा कि आगामी महिला T-20 विश्व कप क्रिकेट को अधिक समावेशी बनाने की वैश्विक संस्था की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ICC के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन 12 जून से पांच जुलाई तक ब्रिटेन में आयोजित किया जाएगा। लंदन के वाटरलू ब्रिज पर रविवार को आयोजित भव्य समारोह में सभी 12 टीमों की कप्तानों की मौजूदगी में शाह ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर कहा, ‘यह महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है और उस प्रतियोगिता की शुरुआत का उपयुक्त अवसर भी, जिसे हम अब तक का सबसे रोमांचक और महत्वाकांक्षी ICC महिला T-20 विश्व कप मानते हैं।’

शाह ने कहा, ‘यह आयोजन टूर्नामेंट को लेकर उत्साह और रोमांच को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगा तथा 12 जून को बर्मिंघम में शुरुआती गेंद फेंके जाने से पहले प्रशंसकों की उत्सुकता को बढ़ायेगा।’ उन्होंने कहा, ‘यह टूर्नामेंट ICC की उस प्रतिबद्धता और विश्वास का एक और उदाहरण है, जिसके तहत क्रिकेट को अधिक समावेशी और वैश्विक खेल बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।’

समारोह के दौरान राजधानी लंदन और मेजबान शहरों बर्मिंघम, मैनचेस्टर, लीड्स, ब्रिस्टल और साउथम्पटन से आए प्रशंसकों तथा युवा प्रतिभागियों ने स्ट्रीट क्रिकेट, ‘इंटरैक्टिव’ खेलों और मनोरंजन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। T-20 प्रारूप में न्यूजीलैंड मौजूदा चैंपियन है। उसने 2024 में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 32 रन से हराकर खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलिया छह खिताब के साथ इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम है। पिछले साल एकदिवसीय विश्व कप का खिताब जीतने वाली हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम अपने पहले महिला T-20 विश्व कप खिताब पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरेगी।  

SCROLL FOR NEXT