फाइल फोटो 
क्रिकेट

खिलाड़ी हारते-हारते थक चुके थे : कोच सिमंस

सिमंस ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘हमारे खिलाड़ी इस मैच को जीतने के लिए वास्तव में बेताब थे। मुझे लगता है कि लगातार तीन मैच हारने के बाद हम हारते-हारते थक गए थे

चेन्नई : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने कहा कि लगातार तीन हार से टीम का मनोबल नहीं गिरा था, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि खिलाड़ी ‘हारते-हारते थक चुके थे।’ पांच बार के चैंपियन CSK ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर हार का सिलसिला तोड़ा और इस तरह से वर्तमान सत्र में अपना खाता खोला। सिमंस ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘हमारे खिलाड़ी इस मैच को जीतने के लिए वास्तव में बेताब थे। मुझे लगता है कि लगातार तीन मैच हारने के बाद हम हारते-हारते थक गए थे।’ उन्होंने कहा, ‘आज ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत अच्छा है, लेकिन यह कभी खराब भी नहीं था। मुझे लगता है कि लोगों ने RCB के खिलाफ मैच देखा और सोचा कि ओह, हम बहुत पीछे हैं लेकिन हमें कभी ऐसा नहीं लगा कि हम बहुत पीछे हैं।’

सिमंस ने कहा, ‘इस टूर्नामेंट में लय हासिल करना और सकारात्मक बने रहना बेहद महत्वपूर्ण है। इस जीत के बाद टीम का माहौल सकारात्मक है। लेकिन इससे पहले अभ्यास सत्र के दौरान भी खिलाड़ियों का रवैया अच्छा रहा।’ दक्षिण अफ्रीका के रहने वाले सिमंस से जब पूछा गया कि क्या पिछले मैचों में कुछ कमी रह गई थी, उन्होंने कहा, ‘नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता। मेरे कहने का मतलब है कि थोड़ा आत्मविश्वास की कमी थी। यह अजीब बात है लेकिन अक्सर फील्डिंग ही टीम का मिजाज तय करती है और सरफराज ने जब हवा में लहराते हुए कैच लिया तो इससे पूरी टीम का मनोबल बढ़ जाता है।

ये छोटी-छोटी चीजें काफी मायने रखती हैं।’ संजू सैमसन ने 56 गेंद में 115 रन बनाए जबकि आयुष म्हात्रे ने भी 59 रन की तूफानी पारी खेली जिससे CSK ने दो विकेट पर 212 रन बनाए। इसके बाद जेमी ओवरटन के 18 रन देकर चार विकेट की मदद से CSK ने दिल्ली कैपिटल्स को 189 रन पर आउट कर दिया। सैमसन की तारीफ करते हुए सिमंस ने कहा, ‘मुझे एमएस धोनी के साथ कई साल काम करने का सौभाग्य मिला है। वह उन सबसे शांत क्रिकेटरों में से एक हैं जिनसे मैं मिला हूं। संजू सैमसन भी उन्हीं की तरह हैं। वह खेल को उसी नजरिए से देखते हैं। मैंने उन्हें कभी बेचैन नहीं देखा।’

SCROLL FOR NEXT