फाइल फोटो 
क्रिकेट

आयरलैंड दौरे पर जायेगी टीम इंडिया

आयरलैंड के हाई परफोरमेंस निदेशक ग्राहम वेस्ट ने इस सीरीज की पुष्टि तब की जब उन्होंने पॉल स्टर्लिंग के T-20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान के पद से हटने के फैसले की घोषणा की

नयी दिल्ली : इंग्लैंड के सफेद गेंद के दौरे से पहले विश्व चैंपियन भारत जून में T-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए आयरलैंड का दौरा करेगा। आयरलैंड के हाई परफोरमेंस निदेशक ग्राहम वेस्ट ने इस सीरीज की पुष्टि तब की जब उन्होंने पॉल स्टर्लिंग के T-20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान के पद से हटने के फैसले की घोषणा की। भारत 20 जून को खत्म होने वाली एक टेस्ट और तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान की मेजबानी कर रहा है।

इसके बाद भारत एक जुलाई से 19 जुलाई तक पांच T-20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे खेलने के लिए इंग्लैंड जाएगा जबकि आयरलैंड सीरीज इंग्लैंड सीरीज से पहले होगी। ग्राहम वेस्ट ने कहा कि भारत के साथ होने वाली यह सीरीज उनकी आने वाली गर्मियों की योजनाओं का हिस्सा है।वेस्ट ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘2028 T-20 विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन पक्का होने के साथ पॉल (स्टर्लिंग) का T-20 कप्तान के पद से हटने का फैसला नए कप्तान को अपनी शैली और कार्यप्रणाली को लागू करना शुरू करने का मौका देता है जिसकी शुरुआत जून में भारत के साथ होने वाली सीरीज से होगी।’

भारत ने पिछले सात साल में तीन बार (2018, 2022 और 2023) आयरलैंड का दौरा किया है। स्टर्लिंग वनडे में आयरलैंड की कप्तानी करना जारी रखेंगे और उन्होंने कहा कि वे सभी प्रारूपों में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

SCROLL FOR NEXT