क्रिकेट

इस दौरे पर 12 मुकाबले खेलेगी टीम इंडिया

न्यूजीलैंड में अब तक की सबसे बड़ी भारतीय द्विपक्षीय सीरीज, तीनों प्रारूपों में 40 दिन में 12 मुकाबले, 100 साल पुराने क्रिकेट संबंधों का जश्न

ऑकलैंड : भारत इस वर्ष 22 अक्टूबर से एक दिसंबर तक न्यूजीलैंड का दौरा करेगा, जहां वह दो टेस्ट, पांच वनडे और इतने ही T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा। इस तरह से यह न्यूजीलैंड में भारत की अब तक की सबसे बड़ी पुरुष द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज होगी। यह पहला अवसर होगा जबकि कोई टीम न्यूजीलैंड में तीनों प्रारूप में कुल मिलाकर 12 मैच खेलेगी। यह सीरीज दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में खेली जाएगी।

इस 40 दिवसीय दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से होगी। टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के बाद एकदिवसीय सीरीज होगी जिसका पहला मैच चार नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से वेलिंगटन के सेलो बेसिन रिजर्व में होगी। दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में 27 नवंबर से एक दिसंबर तक खेला जाएगा।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य विपणन और वाणिज्यिक अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने कहा, ‘जब क्रिकेट की बात आती है तो भारत का कोई सानी नहीं है। भारतीय टीम का न्यूजीलैंड का यह दौरा क्रिकेट से कहीं अधिक मायने रखता है। यह भारत के साथ न्यूजीलैंड के साझा इतिहास और संस्कृति का उत्सव होगा। यह क्रिकेट के जरिए हमारी बढ़ती प्रतिद्वंद्विता और दोस्ती का भी जश्न होगा।’

भारत 2019-20 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगा। तब से न्यूजीलैंड ने भारत का दो बार दौरा किया है, जिसमें उनका 2024-25 का ऐतिहासिक दौरा भी शामिल है, जब उसने टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। न्यूजीलैंड के स्पिनर ईश सोढ़ी ने कहा, ‘भारत के खिलाफ खेलना हमेशा खास होता है। उनकी टीम बेहतरीन है जिसमें कई प्रतिभावान और स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। उनका सामना करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।’ सोढ़ी का जन्म लुधियाना में हुआ था और जब वह महज चार साल के थे तब अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड चले गए थे।

ये रहा पूरा शेड्यूल

पहला T-20 : 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च

दूसरा T-20 : 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च

तीसरा T-20 : 27 अक्टूबर, वेलिंगटन

चौथा T-20 : 30 अक्टूबर, ऑकलैंड

पांचवां T-20 : 01 नवंबर, हैमिल्टन

पहला वनडे : 4 नवंबर, ऑकलैंड

दूसरा वनडे : 7 नवंबर, वेलिंगटन

तीसरा वनडे : 10 नवंबर, हैमिल्टन

चौथा वनडे : 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई

पांचवां वनडे : 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई

पहला टेस्ट मैच : 19-23 नवंबर, वेलिंगटन

दूसरा टेस्ट : 27 नवंबर से 1 दिसंबर, क्राइस्टचर्च

SCROLL FOR NEXT