ब्रिस्टल : भारत के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने स्वीकार किया कि उन्हें इस T-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के इतने एकतरफा होने की उम्मीद नहीं थी, ऐसे में उसका लक्ष्य अंतिम मुकाबला जीतकर ‘क्लीन स्वीप’ करने के साथ मौजूदा विश्व चैंपियन को इस प्रारूप की रैंकिंग के शीर्ष स्थान से हटाना है। सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। चौथे T-20 मुकाबले में इंग्लैंड ने 158 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज एक विकेट खोकर जीत दर्ज की। कप्तान ब्रूक ने आक्रामक अंदाज में 35 गेंद पर नाबाद 79 रन बनाए, जबकि फिल सॉल्ट ने 42 गेंद पर नाबाद 59 रन की पारी खेली।
दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 146 रन की अटूट साझेदारी कर इंग्लैंड को नौ विकेट से आसान जीत दिलाई। सीरीज का अंतिम मुकाबला शनिवार को साउथम्प्टन में खेला जाएगा। इंग्लैंड अगर इसमें भी जीत दर्ज करता है तो वह भारत को पछाड़कर ICC T-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर लेगा। ब्रूक ने गुरुवार को मैच के बाद कहा, ‘अगर हम दुनिया की नंबर एक टीम बन जाते हैं और इंग्लैंड (फुटबॉल विश्व कप में) सेमीफाइनल तक पहुंचता है, तो यह हमारे लिए बेहद शानदार उपलब्धि होगी।’ उन्होंने कहा, ‘हमें बताया गया है कि अगला मैच जीतते ही हम शीर्ष रैंकिंग पर पहुंच जाएंगे और यह निश्चित रूप से हमारा बड़ा लक्ष्य है।’
ब्रुक ने कहा, ‘भारत बेहद मजबूत टीम है। पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस सीरीज में यह टीम अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से थोड़ा पीछे रही है, लेकिन हमें खुशी है कि हमने अपनी योजनाओं को शानदार ढंग से अमल में उतारा।’ इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो भारत जैसी टीम को 4-0 से हराना बेहद विशेष उपलब्धि होगी और इसके साथ दुनिया की शीर्ष रैंकिंग की टीम बनना इसे और भी यादगार बना देगा।’ इंग्लैंड के कप्तान ने माना कि उन्हें भारत के खिलाफ इतनी आसान सफलता की उम्मीद नहीं थी।
ब्रूक ने कहा, ‘हमारी सीमित ओवरों की टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है। हमने लगातार बेहतरीन क्रिकेट खेली है और विभिन्न परिस्थितियों तथा पिचों के अनुरूप खुद को अच्छी तरह ढाला है। विश्व कप में भी हमारा प्रदर्शन शानदार रहा था। वानखेड़े में बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए हम जीत के बेहद करीब पहुंच गए थे।’ उन्होंने कहा, ‘अभी एक मैच बाकी है। उम्मीद है कि हम उसे जीतकर दुनिया की नंबर एक टीम बनेंगे और भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यादगार सीरीज अपने नाम करेंगे।’