भारतीय महिला टीम 
क्रिकेट

वापसी करने उतरेगी टीम इंडिया

मैच भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगा

डरबन : पहले मैच में मिली हार के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे T-20 में उतरेगी तो बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मैच भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगा। भारत का स्कोर एक समय 15वें ओवर में दो विकेट पर 119 रन था लेकिन टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका ने लौरा वोल्वार्ट के अर्द्धशतक की मदद से पांच गेंद बाकी रहते जीत दर्ज कर ली। शेफाली वर्मा (20 गेंद में 34 रन) ने भारत को अच्छी शुरुआत दी लेकिन स्मृति मंधाना (14 गेंद में 13) ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सकीं।

पावरप्ले में दो विकेट गिरने से भारत की रनगति पर अंकुश लग गया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ( 33 गेंद में नाबाद 47) और जेमिमा रौड्रिग्स (29 गेंद में 36 रन ) ने बीच के ओवरों में 51 गेंद में 71 रन जोड़े लेकिन आखिरी पांच ओवर में भारतीय टीम 33 रन ही बना सकी और तीन विकेट गंवा दिये। दूसरे मैच में भारत को अच्छी शुरुआत का फायदा उठाना होगा और निचले क्रम के बल्लेबाजों को इसके लिये खुलकर खेलना होगा। मंधाना ने कहा, ‘हम बल्लेबाजी ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके लेकिन गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और आखिरी ओवर तक मैच को खिंचा। इससे हमें काफी कुछ सीखने को मिला है।’

पिछली चार सीरीजें जीत चुकी भारतीय टीम ने 14 वाइड गेंदें भी फेंकी। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर, अरूंधति रेड्डी और काशवी गौतम ने तीन तीन ओवर डालकर क्रमश: 25, 28 और 29 रन दिये। स्पिनर श्रेयांका पाटिल ने 26 रन देकर दो विकेट चटकाये जबकि श्रीचरणी ने 26 रन देकर एक विकेट लिया। भारत की फील्डिंग भी लचर रही। रेणुका और अनुष्का शर्मा ने डैथ ओवरों में कैच टपकाये। मंधाना ने कहा, ‘आस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के एक महीने बाद हम खेल रहे हैं। सभी लय हासिल करने की कोशिश में है।

हम इस मैच के बाद आत्ममंथन करके मजबूती से उतरेंगे।’ दो महीने बाद ब्रिटेन में T-20 विश्व कप होना है और वनडे विश्व चैंपियन भारतीय टीम तैयारी के लिये पांच मैचों की इस सीरीज का पूरा उपयोग करना चाहेगी। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने हर विभाग में अनुशासित प्रदर्शन किया। वोल्वार्ट, क्लो ट्रायोन और एनेरी डर्कसेन ने बल्लेबाजी में कमाल किया और गेंदबाजों ने भारत को बड़ा स्कोर बनाने नहीं दिया। तेज गेंदबाज अयाबोंगा खाका ने 16 रन देकर तीन विकेट चटकाये।

भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रौड्रिग्स, भारती फुलमाली, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा, अरूंधति रेड्डी, श्रीचरणी, काशवी गौतम, रिचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़ , श्रेयांका पाटिल ।

दक्षिण अफ्रीका : लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), एनेके बॉश, कायला रेनेके, नडाइन डि क्लर्क, एनेरी डर्कसेन, सुने लूस, एलिज मारी मार्क्स, क्लो ट्रायोन, तजमीन ब्रिट्स, सिनालो जाफ्टा, टेबोबो माचेके, अयांडा लुबी, अयाबोंगा खाका, नोंकुलुलेको मलाबा, तुमी सेखुखुने ।

SCROLL FOR NEXT