क्रिकेट

सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से तीखी नोकझोंक

कम रोशनी, सुपर ओवर पर विवाद और उकसावे भरी टिप्पणी से भड़का तनाव, मैच रेफरी के फैसले पर टिकी निगाहें कि सजा होगी या सिर्फ चेतावनी

दाम्बुला : सुपर ओवर में श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए की हार के बाद त्रिकोणीय सीरीज का मैच खराब माहौल में खत्म हुआ जिसमें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की मेजबान टीम के एक खिलाड़ी के साथ तीखी बहस हुई और बात लगभग हाथापाई तक पहुंच गई। सुपर ओवर में भारत ए को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे लेकिन तेज गेंदबाज कुगाथस मथुलन के खिलाफ टीम नौ रन ही बना सकी और लगातार दूसरा मैच हार गई। सूर्यवंशी ने मथुलन की आखिरी तीन गेंद का सामना किया और एक बाउंड्री सहित सिर्फ छह रन बनाए।

मैच खत्म होने के बाद जब सूर्यवंशी और उनके साथी सूर्यांश शेडगे पवेलियन लौट रहे थे तो श्रीलंकाई टीम ने कुछ ज्यादा ही जोश में जश्न मनाया। हालांकि TV कैमरों ने सूर्यवंशी को गुस्से में मथुलन की ओर बढ़ते हुए कैद किया और उनके साथी खिलाड़ी विशेन हलम्बेज बीच-बचाव के लिए आ गए। इसकी वजह शायद वह बात थी जो गेंदबाज ने 15 साल के खिलाड़ी को तीन गेंद पर सफलतापूर्वक रोकने के बाद कही थी। सूर्यवंशी को क्षेत्ररक्षक को धक्का देते देखा गया और क्षेत्ररक्षक ने भी उनकी तरफ बढ़ने की कोशिश की। श्रीलंका के सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव किया जिससे कि मामला हाथ से नहीं निकले।

जब सूर्यवंशी पवेलियन लौट रहे थे तो वह साफ तौर पर गुस्से में दिख रहे थे क्योंकि भारत कम रोशनी में लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रहा था। शुरू में ऐसा लगा कि सुपर ओवर का कोई प्रावधान नहीं है क्योंकि भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा की मैदानी अंपायरों के साथ लंबी और तीखी बहस हुई लेकिन 10 मिनट बाद अंपायर मान गए। अंपायरों और तिलक के बीच बातचीत के दौरान भी सूर्यवंशी चर्चा में शामिल होते दिखे लेकिन मुख्य कोच ऋषिकेश कानिटकर ने उन्हें पीछे खींच लिया। यह देखना दिलचस्प होगा कि मैच रेफरी प्रदीप जयप्रकाश कोई आधिकारिक सजा की घोषणा करते हैं या खिलाड़ियों को सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ देते हैं।

SCROLL FOR NEXT