फाइल फोटो 
क्रिकेट

'सूर्यवंशी को एकादश में शामिल करना चाहिए'

आईपीएल और भारत ए के लिए धमाकेदार प्रदर्शन के बाद सरनदीप सिंह का दावा, 15 वर्षीय सूर्यवंशी अकेले दम पर मैच जिता सकते हैं और आगे चलकर तीनों प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखते हैं

Deepak Ram

नयी दिल्ली : भारत के पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह चाहते हैं कि डरहम में इंग्लैंड के खिलाफ T-20 सीरीज के पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी भारतीय एकादश का हिस्सा बनें। सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ उस सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला था जिसे विश्व चैंपियन भारत 0-2 से हार गया था। अगर वह बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हैं तो वह भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे। सरनदीन ने यहां डीपीएल नीलामी के दौरान कहा, ‘उन्हें (आयरलैंड के खिलाफ) खेलना चाहिए था। टीम प्रबंधन को यह देखना होगा कि उन्हें एकादश में कैसे शामिल किया जाए। कभी-कभी कड़े फैसले लेने पड़ते हैं।

कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाए और उसे मौका मिल सकता है।’ उन्होंने कहा, ‘अगर आप भविष्य के लिए टीम बना रहे हैं तो रोटेशन नीति अपनानी होगी। तब आपको कुछ खिलाड़ियों को बाहर बैठाना होगा और उसे मौका देना होगा।’ पंद्रह साल के सूर्यवंशी ने IPL में शानदार फॉर्म दिखाया था और उसके बाद श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में भारत ए के लिए मेजबान टीम के खिलाफ 29 गेंद में 94 रन की मैच जिताने वाली पारी खेली थी। सरनदीप को उम्मीद है कि सूर्यवंशी शीर्ष स्तर पर भी फॉर्म बरकरार रखेंगे।

इस पूर्व भारतीय स्पिनर ने कहा, ‘यह उसे परखने का समय है। उसे बाहर नहीं रखें। अगर मौका मिले तो उसे एकादश में खिलाएं। जिस फॉर्म में वह अभी है, यह सही समय है कि उसे जल्द से जल्द खिलाना शुरू किया जाए। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहा है, वह अकेले दम पर मैच जिता सकता है।’ सरनदीप का मानना ​​है कि सूर्यवंशी आगे चलकर सभी प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘वह बहुत युवा है। वह लाल गेंद का कौशल भी सीख सकता है। वह रणजी ट्रॉफी में बिहार के लिए भी खेल रहा है। उसमें तीनों प्रारूप में खेलने की प्रतिभा है।’

SCROLL FOR NEXT