सहवाग के बेटे ने आर्यवीर सहवाग ने जीता फैन्स का दिल 
क्रिकेट

इस छोरे को देख पाकिस्तानियों ने भी लगाए 'सहवाग-सहवाग' के नारे

बेटे आर्यवीर सहवाग से वीडियो कॉल पर बात कर गदगद नजर आए वीरेंद्र सहवाग

Rajesh Nain

नयी दिल्ली : भारत की अंडर-19 एशिया कप जीत के नायक आर्यवीर सहवाग ने अपने गर्वित पिता वीरेंद्र सहवाग के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान खुलासा किया कि ओमान में पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक फाइनल में प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें विरोधी टीम के प्रशंसकों का भी समर्थन मिला। आर्यवीर को रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ भारत की एक विकेट की रोमांचक जीत के बाद टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने भारत के खिताबी अभियान में तीन अर्धशतक और एक शतक बनाया जिसमें 160 रन की पारी भी शामिल है। उन्होंने दबाव भरे फाइनल में भी 61 गेंद पर 58 रन बनाए।प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत जिस अंदाज में आई उससे मैदान पर भावनाएं चरम पर थीं और कुछ खिलाड़ियों ने जीत का जश्न भी काफी आक्रामक अंदाज में मनाया।भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। ऐसे में मोहित उल्वा ने शानदार संयम और कौशल का परिचय देते हुए वाइड लॉन्ग ऑफ की दिशा में चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। सोशल मीडिया पर पिता द्वारा साझा किए गए वीडियो कॉल में आर्यवीर ने बताया कि जब मोहित उल्वा और मनल चौहान ने लगभग असंभव दिख रही स्थिति से मुकाबले को रोमांचक मोड़ पर पहुंचाया तो वह लगातार ‘सीता राम’ का जाप कर रहे थे।

सहवाग-सहवाग के नारे

आर्यवीर ने कोहनी पर चोट लगने के बावजूद अहम पारी खेली। उन्होंने अपने पिता से बातचीत में कहा, ‘जब मेरी कोहनी पर गेंद लगी तो फिजियो दो-तीन बार आए। स्टैंड में करीब 2,000 पाकिस्तानी दर्शक मौजूद थे। वे ‘सहवाग-सहवाग’ के नारे लगा रहे थे क्योंकि वे चाहते थे कि मैं बल्लेबाजी करता रहूं। वे मेरा समर्थन कर रहे थे। यह बेहद मजेदार था।’आर्यवीर ने यह भी बताया कि रविवार को दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें अपनी कोहनी का एमआरआई कराना होगा। बेटे और पूरी टीम को बधाई देने के साथ ही सहवाग ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए एक भावुक संदेश भी लिखा। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने लिखा, ‘टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने से लेकर फाइनल के रोमांचक आखिरी पलों को याद करने तक, बेटे आर्यवीर के साथ यह बेहद खास बातचीत थी। कुछ पल पुरस्कारों, रनों और ट्रॉफियों से भी बड़े होते हैं। ये ऐसी यादें हैं जिन्हें एक पिता हमेशा संजोकर रखेगा। ईश्वर करे कि तुम हमेशा जमीन से जुड़े रहो और अपनी मेहनत तथा प्रतिभा के दम पर आसमान की ऊंचाइयों को छुओ। श्री सीताराम।’सहवाग द्वारा वीडियो साझा किए जाने के कुछ ही समय बाद इसे लाखों बार देखा गया।
SCROLL FOR NEXT