क्रिकेट

सिराज सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए नामित

सिराज ने पांचों टेस्ट में 185.3 ओवर डाले और अपनी रफ्तार कम किए बिना युवा और कम अनुभव वाले भारतीय टीम को 2-2 से ड्रॉ करने में मदद की।

Deepak Ram

दुबई : भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को सोमवार को इंग्लैंड दौरे के पांचवें और अंतिम टेस्ट में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए आईसीसी के अगस्त महीने के ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। सिराज के साथ न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और वेस्टइंडीज के जेडन सील्स भी इस सूची में शामिल है। सिराज ने इंग्लैंड में पांच मैचों की सीरीज के सभी मैचों को खेला और 23 विकेट चटकाये। जून के अंत में शुरू यह सीरीज अगस्त की शुरुआत में खत्म हुई। सिराज ने पांचों टेस्ट में 185.3 ओवर डाले और अपनी रफ्तार कम किए बिना युवा और कम अनुभव वाले भारतीय टीम को 2-2 से ड्रॉ करने में मदद की।

आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘मोहम्मद सिराज ने अगस्त में सिर्फ एक मैच खेला, लेकिन उस मैच में उनकी शानदार गेंदबाजी उन्हें नामांकन दिलाने के लिए काफी थी। इंग्लैंड के खिलाफ ‘द ओवल’ में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी सीरीज के अंतिम टेस्ट में इस भारतीय तेज गेंदबाज ने 21.11 की औसत से नौ विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।’ उन्होंने कहा, ‘जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में सिराज ने बहुत दृढ़ संकल्प के साथ आक्रमण का नेतृत्व किया। सीरीज के शुरुआती चार मैच खेलने के बावजूद उन्होंने दो पारियों में 46 से अधिक ओवर डाले।’

SCROLL FOR NEXT