क्रिकेट

श्वेता ने शानदार प्रगति की है : शिखर धवन

WPL के मौजूदा सत्र में यूपी वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व कर रही सहरावत ने अपने खेल में लगातार सुधार किया है। उन्होंने WPL की 2024 के सत्र में 108 और 2025 में 119 रन बनाए थे

Deepak Ram

लखनऊ : भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने कहा कि श्वेता सहरावत ने एक खिलाड़ी और एक नेतृत्वकर्ता के रूप में उल्लेखनीय प्रगति की है और उन्हें उम्मीद है कि यह युवा ऑलराउंडर महिला प्रीमियर लीग में (WPL) नई ऊंचाई पर पहुंचने में सफल रहेगी। WPL के मौजूदा सत्र में यूपी वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व कर रही सहरावत ने अपने खेल में लगातार सुधार किया है। उन्होंने WPL की 2024 के सत्र में 108 और 2025 में 119 रन बनाए थे।

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) की फ्रेंचाइजी साउथ दिल्ली सुपरस्टारज़ के सह-मालिक धवन ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘श्वेता ने एक खिलाड़ी और नेतृत्वकर्ता के रूप में उल्लेखनीय प्रगति की है। उनकी अगुवाई में साउथ दिल्ली सुपरस्टारज ने डीपीएल का खिताब जीता जिससे पता चलता है कि वह दबाव में भी अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम है।’

उन्होंने कहा, ‘हम यूपी वॉरियर्स के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और आशा करते हैं कि वह इस विजयी मानसिकता को बरकरार रखते हुए डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी भी जीतेगी।’ श्वेता ने 2025 में दिल्ली प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी कप्तानी में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ ने खिताब जीता। उन्होंने फाइनल में 110 रन की मैच विजेता पारी खेली जो इस प्रतियोगिता में उनका सर्वोच्च स्कोर था।

SCROLL FOR NEXT