नयी दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रहे रोमी भिंडर विवादों में घिर गए हैं, क्योंकि TV कैमरों ने उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच के दौरान टीम के डगआउट में मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पकड़ा है। इस घटना को सबसे पहले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने इंस्टाग्राम पर साझा किया था, लेकिन यह पुष्टि हो गई है कि शुक्रवार को गुवाहाटी में रॉयल्स की छह विकेट से जीत के दौरान भिंडर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। तब युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी उनके बगल में बैठे हुए थे।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक अधिकारी ने भी इसकी पुष्टि की कि भिंडर ने नियमों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा,‘जी हां, भिंडर ने वास्तव में खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है क्योंकि मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन प्रतिबंधित हैं।’ IPL की आधिकारिक वेबसाइट पर PMOA प्रोटोकॉल 2026 से संबंधित नियम के अनुसार, ‘टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फोन का उपयोग कर सकता है, लेकिन डगआउट में नहीं।’
भिंडर फ्रेंचाइजी की शुरुआत से ही इससे जुड़े हुए हैं और जानकारों का मानना है कि उन्हें भ्रष्टाचाररोधी प्रोटोकॉल के बारे में अच्छी तरह से पता होना चाहिए। अधिकारी ने कहा, ‘यह अनजाने में हो सकता है, लेकिन इस पर कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि यह नियमों का उल्लंघन है। चेतावनी दी जाएगी या प्रतिबंध लगाया जाएगा, इसका फैसला मैच रेफरी और एसीयू (भ्रष्टाचार निरोधक इकाई) की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। IPL की संचालन परिषद इस आधार पर फैसला ले सकती है।’ भिंडर को और भी गहन जांच का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि सूर्यवंशी ने मैच के बाद उन्हें अपना ‘स्थानीय संरक्षक’ बताया था।