फाइल फोटो 
क्रिकेट

लय वापस पाने की कोशिश करेगी RCB

RCB फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, लेकिन उसके चार अन्य टीमों के समान 12 अंक हैं। उसकी टीम को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस से चार विकेट से मिली हार को भूलकर जल्द से जल्द वापसी करनी होगी

लखनऊ : पिछले मैच में बल्लेबाजों के नहीं चल पाने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तालिका में शीर्ष पर जगह बनाने का मौका गंवाने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) की टीम गुरुवार को यहां सबसे निचले पायदान पर काबिज लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ बल्लेबाजी में अपनी लय फिर से हासिल करके प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को मजबूत करने की कोशिश करेगी। RCB फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, लेकिन उसके चार अन्य टीमों के समान 12 अंक हैं। उसकी टीम को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस से चार विकेट से मिली हार को भूलकर जल्द से जल्द वापसी करनी होगी। गुजरात के खिलाफ उस मैच में RCB की बल्लेबाजी नाटकीय रूप से धराशायी हो गई थी।

एक समय उसका स्कोर दो विकेट पर 79 रन था जो जल्द ही छह विकेट पर 96 रन हो गया और आखिर में उसकी टीम 155 रन पर आउट हो गई। RCB के बल्लेबाज भले ही इस मैच में लड़खड़ा गए थे लेकिन वह दमदार वापसी करने में सक्षम हैं। उसके बल्लेबाजों ने अब तक आक्रामक खेल दिखाया है और लखनऊ के खिलाफ भी वह इसे जारी रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। RCB के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 379 रन बनाए हैं, वहीं देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नियमित सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट के उंगली में चोट के कारण बाहर होने से कोहली के साथ विस्फोटक शुरुआत देने की जिम्मेदारी जैकब बेथेल पर होगी। RCB की टीम को एक सप्ताह के विश्राम का मौका मिला है और उसकी टीम इस मैच में अपने प्रतिद्वंद्वी की तुलना में अधिक तरोताजा होकर उतरेगी।

जहां तक LSG का सवाल है तो उसका प्रदर्शन अभी तक निराशाजनक रहा है। वह पिछले छह मैचों में हार झेलने के कारण अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। इस बीच उसे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ टाई रहे मैच में सुपर ओवर में भी हार का सामना करना पड़ा था। उसे पिछले मैच में मुंबई इंडियंस ने छह विकेट से करारी शिकस्त दी थी। LSG का अभियान लगातार खराब प्रदर्शन, रणनीतिक अस्थिरता और मैचों का सकारात्मक अंत नहीं कर पाने के कारण कारण बिखर गया है। मिचेल मार्श, कप्तान ऋषभ पंत, एडन मार्क्रम और निकोलस पूरन जैसे प्रमुख बल्लेबाज अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए हैं। इसके अलावा बल्लेबाजी क्रम में बार-बार फेरबदल ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पंत के सीमित ओवरों की क्रिकेट में प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ऐसे में LSG के बल्लेबाजों के लिए अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की अगुवाई वाले RCB के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना आसान नहीं होगा। भुवनेश्वर और हेजलवुड की जोड़ी बेहद प्रभावी साबित हुई है। उनके शानदार प्रदर्शन से आरसीबी ने 27 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स को मात्र 75 रन पर ढेर कर दिया था। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर विकेट लेने में किसी तरह की कोताही नहीं बरत रहे हैं जबकि हेजलवुड ने लगातार प्रभावशाली गेंदबाजी की है। क्रुणाल पांड्या ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ विकेट लिए हैं। पिछले मैच में सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। LSG के लिए प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने क्रमशः 13 और 10 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। मोहम्मद शमी ने सत्र की दमदार शुरुआत की थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और उन्होंने जमकर रन लुटाए हैं। RCB ने पहले चरण में LSG को पांच विकेट से हराया था और उसकी टीम काफी आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।

SCROLL FOR NEXT