फाइल फोटो 
क्रिकेट

पंजाब किंग्स को अब बड़ी जीत की जरूरत

पंजाब ने अपने पहले छह मैच जीते थे लेकिन 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रिकॉर्ड 265 रन का लक्ष्य हासिल करने के बाद से उसका अभियान नाटकीय रूप से चरमरा गया।

लखनऊ : लगातार छह मैच में हार से आहत पंजाब किंग्स की टीम को इस निराशा को भुलाकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्लेऑफ में जगह बनाने की अपनी धुंधली उम्मीदों को जीवंत रखने के लिए शनिवार को यहां होने वाले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। पंजाब ने अपने पहले छह मैच जीते थे लेकिन 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रिकॉर्ड 265 रन का लक्ष्य हासिल करने के बाद से उसका अभियान नाटकीय रूप से चरमरा गया। पिछली बार की उपविजेता टीम पंजाब किंग्स पहले सात मैचों में छह जीत के साथ खिताब की असली दावेदार लग रही थी लेकिन लगातार छह हार झेलने के कारण उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अधर में लटक गई हैं।

अब पांचवें स्थान पर काबिज पंजाब को न केवल शनिवार को यहां अपने अंतिम लीग मैच में LSG को हराना होगा, बल्कि प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए रविवार के दो मैचों (मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स और KKR बनाम दिल्ली कैपिटल्स) के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम चाहेगी कि राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स दोनों ही अपने-अपने मैच हार जाएं। अगर राजस्थान रॉयल्स मुंबई को हरा देती है तो पंजाब की उम्मीदें आधिकारिक तौर पर खत्म हो जाएंगी, वहीं अगर KKR दिल्ली कैपिटल्स को हरा देती है तो मामला नेट रन रेट पर अटक सकता है। पंजाब का नेट रन रेट KKR से थोड़ा बेहतर है।

लेकिन अगर मगर की बात आने से पहले पंजाब को लंबे समय से चले आ रहे खराब प्रदर्शन के बाद अपनी फॉर्म को फिर से हासिल करने की जरूरत है। उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली की सत्र की शुरुआत की तरह आक्रामक होकर नहीं खेल पा रहे हैं। प्रियांश ने अपनी पिछली सात पारियों में सिर्फ एक अर्द्धशतक बनाया है और वह पिछले मैच में खाता भी नहीं खोल पाए थे। प्रभसिमरन भी अपनी प्रदर्शन में निरंतरता लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने भी अपनी पिछली पांच पारियों में सिर्फ एक अर्द्धशतक लगाया है। कोनोली अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में असफल रहे हैं। कप्तान अय्यर का प्रदर्शन भी इस दौरान अच्छा नहीं रहा।

वह छह मैच में केवल एक बार ही पचास रन का आंकड़ा पार कर पाए हैं। उसका मध्य क्रम भी नहीं चल पा रहा है जबकि उसकी फील्डिंग भी काफी खराब रही है। जहां तक LSG का सवाल है तो इस सत्र में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। वह पिछले 10 मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल करने के बाद प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गया है। LSG ने अपने घरेलू स्टेडियम में हाल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था और उसकी टीम इसी प्रेरणा लेने की कोशिश करेगी। पिछले कुछ मैचों में LSG के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू शीर्ष क्रम में मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी का शानदार प्रदर्शन रहा है।

पिछले मैच में इस जोड़ी ने मात्र 8.2 ओवरों में 109 रन जोड़े थे। अगर LSG को घरेलू दर्शकों के सामने अपने अभियान का सकारात्मक अंत करना है तो इन दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। निकोलस पूरन भी अपनी पिछली चार पारियों में मात्र 87 रन बनाने के बाद अपनी लय वापस पाने की कोशिश करेंगे। कप्तान ऋषभ पंत ने इस सत्र में केवल एक अर्द्धशतक लगाया है। वह भी इस सत्र का अंत शानदार तरीके से करना चाहेंगे। गेंदबाजी विभाग में यह देखना होगा कि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछले मैच में अनुपस्थित रहने के बाद वापसी करते हैं या नहीं।

SCROLL FOR NEXT