क्रिकेट

पंत की योग्यता पर पीटरसन ने उठाया सवाल

पंत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ IPL मैच में सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलने के लिए उतरे और केवल सात रन बनाकर रन आउट हो गए

मुंबई : इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत की शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के रूप में योग्यता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि शीर्ष तीन में खेलने से यह भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज अपने खेल का आनंद लेने के बजाय खुद पर दबाव बना रहा है। पंत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ IPL मैच में सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलने के लिए उतरे और केवल सात रन बनाकर रन आउट हो गए। दिल्ली ने यह मैच छह विकेट से जीता। लखनऊ की हार के बाद पंत ने कहा था कि वह इस सत्र में शीर्ष क्रम में खेलने की योजना बना रहे हैं लेकिन पीटरसन ने कहा कि इससे वह अपने खेल का आनंद नहीं ले पाएंगे।

पीटरसन ने कहा, ‘जब आप लखनऊ की टीम की बल्लेबाजी की ताकत और गहराई को देखते हैं तो तब सवाल उठता है कि क्या ऋषभ पंत वास्तव में सलामी बल्लेबाज हैं। मुझे लगता है कि पिछले साल की तुलना में उन्हें इस साल बल्लेबाजी क्रम में कुछ ज्यादा ही ऊपर भेज दिया गया है।’ इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, ‘पिछले साल उन्होंने बल्लेबाजी क्रम में नीचे खेलने का फैसला किया और अब वह अचानक से कह रहे हैं कि ‘मैं शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करूंगा।’ मुझे लगता है कि उन्हें बस मैदान पर जाकर अपने खेल का आनंद लेना चाहिए।’ पीटरसन ने कहा कि पंत बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आकर खुद पर और अधिक दबाव डाल रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘खुद को नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के लिए मजबूर मत करो, उस स्थिति का आनंद लो। मुझे लगता है कि पंत सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरकर खुद पर दबाव डाल रहे हैं।’ पिछले सत्र तक दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ का सदस्य रहे पीटरसन ने समीर रिजवी की जमकर तारीफ की जिन्होंने नाबाद अर्द्धशतक लगाकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। पीटरसन ने कहा, ‘उन्होंने स्थिति का बखूबी सामना किया और मुझे इससे किसी तरह की हैरानी नहीं हुई। मैंने पिछले सत्र में समीर के साथ काफी समय बिताया तथा उनके कौशल को करीब से देखा। उन्होंने तब अभ्यास मैच में शतक में लगाया था लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में खेलने का मौका नहीं मिला था।’

SCROLL FOR NEXT