परविंदर अवाना 
क्रिकेट

BCCI की जूनियर चयन समिति के अध्यक्ष बने परविंदर अवाना

Rajesh Nain

नयी दिल्ली : भारत के पूर्व तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की नवगठित जूनियर चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अवाना ने भारत के लिए दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने 62 प्रथम श्रेणी मैच में 191 विकेट हासिल किए। उन्होंने दिल्ली, भारत ‘ए’ और शेष भारत का भी प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की ओर से खेले थे।संन्यास के बाद अवाना ने कोचिंग की राह अपनाई। उन्होंने दिल्ली की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीम के साथ काम किया। इसके अलावा वह भारत की अंडर-19 टीम के साथ BCCI और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के विभिन्न कार्यक्रमों से भी जुड़े रहे। समिति के अन्य सदस्यों में कृष्णा दास, राकेश पटेल और एन अर्जुन यादव शामिल हैं। BCCI ने एक बयान में कहा, ‘क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने जूनियर क्रिकेट समिति के सदस्यों की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की। सीएसी ने आवेदकों की छंटनी की और उनके साक्षात्कार लिए। इस प्रक्रिया के बाद समिति ने परविंदर अवाना को अध्यक्ष तथा कृष्णा दास, राकेश पटेल और एन अर्जुन यादव को सदस्य नियुक्त करने की सिफारिश की।’ असम और गोवा के पूर्व तेज गेंदबाज दास ने 49 प्रथम श्रेणी मैच में 166 विकेट लिए। उन्होंने भारत की अंडर-19 और भारत ए टीम का प्रतिनिधित्व किया। बाद में वह भारत की अंडर-19 टीम के गेंदबाजी कोच और उत्तराखंड की रणजी ट्रॉफी टीम के गेंदबाजी कोच भी रहे। पटेल गुजरात और बड़ौदा की टीम के लिए खेले। उन्होंने भारत ए का प्रतिनिधित्व करने के अलावा दलीप ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी में भी हिस्सा लिया। उन्होंने अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर स्तर पर बड़ौदा तथा गुजरात की टीम के साथ कोच के रूप में काम किया। वह 2025-26 सत्र में बड़ौदा की अंडर-23 टीम के मुख्य कोच थे। यादव ने भारत ए का प्रतिनिधित्व किया और अपने खेल करियर में 83 प्रथम श्रेणी मैच खेले। वह वर्ष 2000 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। हैदराबाद की ओर से खेलने के बाद यादव ने कोचिंग शुरू की। वह हैदराबाद की सीनियर और अंडर-23 टीम के मुख्य कोच रहे हैं। वह 2022 से BCCI के मैच रेफरी के रूप में भी काम कर रहे हैं। BCCI ने कहा, ‘जूनियर चयन समिति के पांचवें सदस्य की नियुक्ति जल्द की जाएगी।’

SCROLL FOR NEXT