क्रिकेट

पाकिस्तान पर जुर्माना, 11 अंक भी कटे

धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान पर मैच फीस का 50% जुर्माना, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 11 अंक कटने से रैंकिंग में गिरावट

Deepak Ram

दुबई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान पर बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए सोमवार को मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया और उसके विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 11 अंक काट दिए। ICC ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि मेजबान इंग्लैंड के हाथों टेस्ट सीरीज में 0-3 से हारने वाले पाकिस्तान ने निर्धारित समय के अंदर 11 ओवर कम किये थे। पाकिस्तान ने लीड्स में खेला गया सीरीज का पहला मैच पारी और 103 रन से, लॉर्ड्स में खेला गया दूसरा टेस्ट 194 रन से और एजबेस्टन में खेला गया तीसरा टेस्ट आठ विकेट से गंवाया था।

ICC ने कहा, ‘बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप मुकाबले के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए पाकिस्तान पर दो तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं।’ यह प्रतिबंध ICC मैच रेफरी रंजन मदुगले, मैदानी अंपायर पॉल रिफेल और क्रिस गैफनी, तीसरे अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर और चौथे अंपायर रसेल वॉरेन ने लगाए। ICC ने कहा, ‘इसका मतलब है कि पाकिस्तान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में अब केवल 4.63 प्रतिशत अंकों के साथ नौवें स्थान पर है।’

ICC की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए धीमी ओवर गति से संबंधित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार खिलाड़ियों पर उनकी टीम द्वारा निर्धारित समय के भीतर गेंदबाजी करने में विफल रहने पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है, जिसमें अधिकतम जुर्माना मैच फीस के 50 प्रतिशत तक सीमित है। ICC ने कहा, ‘इसके अतिरिक्त ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के खेल नियमों के अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार, प्रत्येक ओवर कम होने पर एक अंक का जुर्माना लगता है। इस कारण पाकिस्तान के कुल अंकों में से 11 अंक काट लिए गए हैं।’

SCROLL FOR NEXT